लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, बिहार जा रही बस के पलटने से 3 लोगों की मौत, 45 घायल
<span class="img-name">लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बस पलटी। </span> <span class="img-source">Image Source : REPORTER </span>
उत्तर प्रदेश के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर सोमवार को भीषण हादसे की खबर सामने आई है। एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों से भरी हुई एक बस पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत हो गई है और 45 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां पर उनका इलाज जारी है। मुख्यमंत्री योगी ने भी जनपद लखनऊ में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है।
बिहार के छपरा जा रही थी बस
अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर हादसे की ये घटना पारा थाना क्षेत्र के पास हुई है। यहां सवारियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार थे और ये बस राजस्थान के रेवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही थी। बस पलटने की सूचना मिलते ही भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ एसडीआरएफ और फायर विभाग की टीमों ने मिलकर सभी को रेस्क्यू किया है। दूसरी ओर यूपी के मुजफ्फरनगर में भी भीषण हादसा हुआ। यहां एक बेकाबू कार हाईवे पर पोल से टकरा गई जिसके बाद 6 लोग जिंदा जल गए।
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी लखनऊ पारा में हुए सड़क हादसे से की घटना का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रभावितों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने योगी आदित्यनाथ सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
ब्रजेश पाठक अस्पताल पहुंचे
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने अस्पताल पहुंच कर हादसे में घायल हुए मरीजों का हालचाल जाना है। उन्होंने सभी घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए हैं। ब्रजेश पाठक ने जानकारी दी है कि ये हादसा एक्सप्रेसवे पर पहले टोल प्लाजा के पास सुबह 6 बजे से 6:30 बजे के बीच हुआ है। घायलों में से तीन को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया (दो को लोक बंधु अस्पताल में और एक को KGMU में)। 31 घायल यात्रियों को लोक बंधु अस्पताल में और 13 अन्य को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

