बाराबंकी : कोठी क्षेत्र के रेवती गांव में जमीनी विवाद में हंसराज वर्मा की गोली मारकर हत्या
आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर किया प्रदर्शन, तनाव की स्थिति बनी।

बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र के रेवती पुरवा गांव में जमीनी विवाद के चलते 55 वर्षीय हंसराज की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद बुधवार को गांव में आक्रोश फैल गया, जिसके बाद परिजन और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।सैकड़ों ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि जमीन का यह विवाद काफी समय से चल रहा था और मामला न्यायालय में भी विचाराधीन था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भैंस को नाद पर बांधने को लेकर विवाद बढ़ा था।

गांव में भारी पुलिस बल तैनात
परिजनों के अनुसार, हंसराज पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के लिए कोठी थाने जा रहे थे। रास्ते में उन्हें गोली मार दी गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें वाहन से कुचलने का प्रयास किया गया था। गंभीर रूप से घायल हंसराज को इलाज के लिए लखनऊ ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। बुधवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए हैं।पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने और प्रदर्शन समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

