यूपी : बारिश के बीच जमींदोज हुआ 100 साल पुराना मकान, एक ही परिवार के छह लोगों की मौत
मलबे में दबे सात लोग, 28 वर्षीय अमन सुरक्षित बचे; पुलिस-फायर ब्रिगेड और प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू अभियान।

प्रतापगढ़ ! उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार की भोर बारिश के बीच तड़के बड़ा हादसा हो गया। महुली गांव में करीब 100 साल पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के वक्त मकान में मौजूद एक ही परिवार के सात लोग मलबे में दब गए।

सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में 28 वर्षीय अमन सुरक्षित बच गए।हादसे में प्रमोद श्रीवास्तव, रीता श्रीवास्तव, नितिन श्रीवास्तव, माधुरी श्रीवास्तव, माधव और मासूम अद्विक की मौत हुई है।

एक ही परिवार के छह लोगों की मौत से गांव में मातम पसर गया।बताया जा रहा है कि मकान काफी पुराना और जर्जर था। बारिश के दौरान तड़के अचानक मकान ढहने से परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला।मलबा गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस-प्रशासन को सूचना दी।हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने भी रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।

