बाराबंकी : मारपीट में घायल किशोरी की इलाज के दौरान मौत,दस दिन पूर्व कूड़ा उड़ने को लेकर हुआ था विवाद,
लखनऊ के लोहिया अस्पताल में चल रहा था उपचार,पुलिस को है,पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

मृतिका की फाइल फोटो
बाराबंकी ! सफदरगंज थाना क्षेत्र के डमौरा गांव के मजरा बबुरिहा में दस दिन पहले हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल 16 वर्षीय किशोरी की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। किशोरी का लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में उपचार चल रहा था। मौत की सूचना पर लखनऊ पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बबुरिहा निवासी सुनील कुमार की 16 वर्षीय बेटी निक्की वर्मा 26 जुलाई को घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। आरोप है कि इस दौरान कूड़ा उड़ने को लेकर पड़ोसी दरबारी लाल पुत्र छंगालाल, उनकी पत्नी सुदामा और द्रगपाल पुत्र छंगालाल से विवाद हो गया। परिजनों का आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज के बाद निक्की के साथ मारपीट की। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई।परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल में किशोरी का आईसीयू में उपचार चल रहा था।मंगलवार को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।सफदरगंज थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मृत्यु के कारणों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

