बाराबंकी : दो वर्षों से लंबित भुगतान पर भड़कीं आशा बहुएं, समस्याओं के समाधान की उठाई मांग
गांधी भवन में मासिक बैठक के बाद सीएमओ को सौंपा ज्ञापन, समय पर भुगतान नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी।

बाराबंकी। आशा बहू स्वास्थ्य समिति उत्तर प्रदेश, जनपद बाराबंकी की मासिक बैठक सोमवार को देवा रोड स्थित गांधी भवन में जिला अध्यक्ष सुनीता देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले की आशा एवं आशा संगिनियों ने लंबे समय से लंबित भुगतान और कार्य से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर नाराजगी जताई। इसके बाद मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) को संबोधित ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की गई।
बैठक में जिला अध्यक्ष सुनीता देवी ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं को आभा आईडी और आयुष्मान कार्ड बनाने का भुगतान पिछले लगभग दो वर्षों से नहीं मिला है। कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आभा आईडी बनाने का केवल 20 प्रतिशत भुगतान ही किया गया है। उन्होंने कहा कि ई-कवच पोर्टल पर यदि 1000 आभा आईडी बनाई गई हैं तो मात्र 200 का ही भुगतान किया जाना गंभीर अनियमितता है। उन्होंने सभी भुगतान की सूची ब्लैकबोर्ड पर चस्पा करने की भी मांग उठाई, ताकि आशा कार्यकर्ता अपने भुगतान की जानकारी स्वयं देख सकें।
ज्ञापन में आशा बहुओं ने ऑनलाइन कार्य के लिए नया टैबलेट अथवा मोबाइल उपलब्ध कराने, सभी कार्यों का समय से भुगतान करने, 23 अगस्त को आशा सम्मेलन का पूर्व की भांति आयोजन कराने, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर नियमित नसबंदी शिविर आयोजित करने तथा पिछले दो वर्षों से लंबित दवा किट उपलब्ध कराने की मांग की।इसके अलावा आशा जेएसवाई, इम्प्रेस्ट मनी, टीबी, टीकाकरण, मोबिलाइजेशन, खसरा-जेई, माता बैठक, एएए बैठक, अंतरा, कॉपर-टी, एचआरपी, पीपीआईयूसीडी, नसबंदी, एनडीडी कार्यक्रम, पल्स पोलियो एवं टीबी उपचार सहित विभिन्न मदों के लंबित भुगतान तत्काल जारी करने की मांग की गई।
आशा बहू स्वास्थ्य समिति ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर लंबित भुगतान नहीं कराया गया तो आशा एवं आशा संगिनी धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगी, जिसकी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की होगी।

