सुल्तानपुर : पत्नी से विवाद के बाद दामाद ने चाकू से काटा गला, मचा हड़कंप
नशे की हालत में ससुराल पहुंचा था युवक, पुलिस ने मौके पर कराई मरहम-पट्टी।

भदैया (सुलतानपुर)। देहात कोतवाली क्षेत्र के पखरौली गांव में शुक्रवार दोपहर पत्नी से हुए विवाद के बाद एक दामाद ने चाकू से अपने गले और हाथ पर वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन उसने इलाज कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद मौके पर ही चिकित्सक को बुलाकर प्राथमिक उपचार कराया गया।
जानकारी के अनुसार, लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के मामपुर गांव निवासी कर्मचंद उर्फ सोनू (40) पुत्र भगवानदीन अपनी ससुराल पखरौली गांव आया हुआ था। शुक्रवार दोपहर वह नशे की हालत में घर पहुंचा। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी पत्नी गीता देवी से कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आवेश में आए कर्मचंद ने घर में रखा चाकू उठा लिया और अपने गले व हाथ पर कई वार कर लिए।घटना के बाद वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिससे परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मौजूदगी में चिकित्सक को बुलाकर मौके पर ही मरहम-पट्टी कराई गई।देहात कोतवाल धर्मवीर सिंह ने बताया कि घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। उसका प्राथमिक उपचार करा दिया गया है। मामले में अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

