2027 में अयोध्या की पांचों विधानसभा सीटों पर फिर खिलेगा कमल : अवधेश द्विवेदी

रुदौली, अयोध्या ! भाजपा अवध क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी के प्रथम अयोध्या आगमन पर बुधवार को रुदौली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन किया। जिले की सीमा स्थित एनएच-27 पर अशरफपुर गंगरेला, बीपी मवई और कुढ़ा सादात में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ उनका स्वागत किया। अशरफपुर गंगरेला में विधायक रामचंद्र यादव की अगुवाई में आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे।जनसभा को संबोधित करते हुए अवधेश द्विवेदी ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अभी से पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुट जाए। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2022 की तरह 2027 में भी अयोध्या की सभी पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी।उन्होंने कहा कि भाजपा में संगठन सर्वोपरि है। कार्यकर्ता केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाएं और विपक्ष के भ्रम फैलाने के प्रयासों का जवाब दें। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश की तस्वीर पूरी तरह बदली है।क्षेत्रीय अध्यक्ष ने विधायक रामचंद्र यादव की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा, “रामचंद्र यादव बहुत मेहनत कर रहे हैं, बहुत आगे जाएंगे।” इस पर कार्यकर्ताओं ने तालियों से उनका स्वागत किया।विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने तथा सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रोहित सिंह, निषाद पार्टी जिलाध्यक्ष दिनेश निषाद मवई ब्लॉक प्रमुख राजीव तिवारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

