बाराबंकी में 12 जुलाई को होगा 61.87 लाख पौधरोपण का महाअभियान, तैयारियां पूरी
नोडल अधिकारी ने की समीक्षा बैठक, सभी विभागों को समयबद्ध वृक्षारोपण और जियो टैगिंग के निर्देश

बाराबंकी। वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत बाराबंकी जनपद में 12 जुलाई को 61 लाख 87 हजार 400 पौधों का रोपण किया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक लोक सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जनपद की नामित नोडल अधिकारी एवं उत्तर प्रदेश शासन में सचिव, महिला कल्याण उद्यम, श्रीमती मनीषा त्रिघाटिया ने की।बैठक में वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को बताया गया कि कुल लक्ष्य में से वन विभाग द्वारा 27 लाख 40 हजार पौधे लगाए जाएंगे, जबकि अन्य 25 विभागों की ओर से 34 लाख 47 हजार 400 पौधों का रोपण किया जाएगा।
नोडल अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत वृक्षारोपण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही रोपे जाने वाले प्रत्येक पौधे की जियो टैगिंग अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि अभियान की प्रभावी निगरानी की जा सके।उन्होंने पौधों के संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहे, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए, जिससे पौधों का बेहतर विकास हो और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य को सफल बनाया जा सके। बैठक में अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।

