यूपी :बाराबंकी में 12 जुलाई को शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद की गौ-संरक्षण यात्रा का भव्य स्वागत
गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने के संकल्प के साथ जनजागरण का देंगे संदेश,हैदरगढ़ से रामनगर तक अनेक स्थानों पर होगा स्वागत, पादुका पूजन और संत सम्मान।

बाराबंकी। जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की गौ-संरक्षण एवं जनजागरण यात्रा का 12 जुलाई (रविवार) को बाराबंकी जनपद में भव्य स्वागत किया जाएगा। गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने के संकल्प के साथ निकाली जा रही यह यात्रा जिले के विभिन्न स्थानों से होकर गुजरेगी। जगह-जगह श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और संत-महात्मा शंकराचार्य का स्वागत, पादुका पूजन और अभिनंदन करेंगे।
यात्रा की जानकारी देवा रोड स्थित गांधी भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में यात्रा के जिला प्रभारी दंडी स्वामी असंभव संभावनंद सरस्वती तथा पूर्व एमएलसी राजेश कुमार यादव ‘राजू’ ने दी। उन्होंने बताया कि 81 दिवसीय ‘गविष्टि’ गो-रक्षार्थ-धर्मयुद्ध यात्रा का उद्देश्य देशभर में गौ-संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जनजागरण करना तथा गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिए जाने की मांग को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।यात्रा का पहला पड़ाव हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में होगा, जहां सपा नेता गौतम रावत शंकराचार्य का स्वागत एवं पादुका पूजन करेंगे। इसके बाद देवीगंज चौराहा स्थित श्री हनुमंत मंदिर में पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप के नेतृत्व में स्वागत कार्यक्रम होगा। सुबह 10 बजे भिटरिया स्थित कृष्णा मैरिज लॉन में पूर्व ब्लॉक प्रमुख संतोष सिंह वर्मा पादुका पूजन करेंगे।दोपहर 12 बजे जैदपुर विधानसभा क्षेत्र के कोटवा रोड, सुशवई, सिद्धौर, कोठी और इसरौली सहित विभिन्न स्थानों पर विधायक गौरव रावत तथा अंकित भारती के नेतृत्व में यात्रा का स्वागत किया जाएगा।मुख्य कार्यक्रम दोपहर 2 बजे नगर के बड़ेल स्थित शांति पैलेस में आयोजित होगा। यहां शंकराचार्य श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देकर गौ-संरक्षण का संदेश देंगे। कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी राजेश यादव, सदर विधायक सुरेश यादव, नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उनका स्वागत करेंगे। इस अवसर पर पादुका पूजन, 100 से अधिक बटुकों एवं संत-महात्माओं का अंगवस्त्र से सम्मान तथा भोजन-जलपान की व्यवस्था भी रहेगी।इसके बाद यात्रा कुर्सी विधानसभा क्षेत्र के पटेल चौराहा पहुंचेगी, जहां सांसद तनुज पुनिया और पूर्व मंत्री राकेश वर्मा के नेतृत्व में स्वागत किया जाएगा। यात्रा का समापन रामनगर क्षेत्र स्थित पौराणिक लोधेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के उपरांत मलौली स्थित श्री पंचमुखी हनुमत धाम आश्रम में होगा। यहां बड़ी संख्या में संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

