March 16, 2025

नहीं आईं उमा भारती,गठबंधन व कांग्रेस पर हमलावर रहे डा. महेंद्र ने मोदी को बताया भारत का देवता-रिपोर्ट अर्जुन यादव

IMG-20190424-WA0021.jpg

अर्जुन यादव की रिपोर्ट

रुदौली(अयोध्या) !प्रदेश सरकार के ग्राम्य विकास राज्यमंत्री ‘स्वतंत्र प्रभार’ डा. महेंद्र सिंह ने यहां सीधे तौर पर कहा कि अब तक हुए सभी चरणों के चुनाव में कांग्रेस का सूफड़ा पूरी तरह साफ हो गया है। राहुल भी अमेठी हार रहे हैं इसलिए वो वायनाड भाग गए हैं। सपा ने कांवड़ यात्रा रोकी तो भाजपा सरकार ने उन्हीं कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की। दलित टकटकी निगाहें गड़ाए रहे लेकिन माया ‘माया’ की लूट में लगी रहीं।डा. महेंद्र बतौर मुख्य अतिथि बुधवार को रौजागांव चीनी मिल के पास हाइवे किनारे भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह के पक्ष में सभा को संबोधित कर रहे थे। असल में जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री व साध्वी उमा भारती के आने का सुबह से इंतजार था। बाद में ग्राम्य विकास राज्यमंत्री डा. महेंद्र सिंह के अचानक मंच पर पहुंच जाने से कयास लगाए जाने लगे कि उमा भारती नहीं आएंगी लेकिन इसकी घोषणा कार्यक्रम के समापन पर स्वयं डा. महेंद्र ने की। उन्होंने कहा कि दीदी का स्वास्थ्य ठीक न होने से वे नहीं आ सकीं। इससे पहले उन्होंने अपना भाषण पार्टी प्रत्याशी लल्लू सिंह को विजयमाला पहनाकर शुरू किया। कहा कि असम समेत जहां भी अब तक चुनाव हुए हैं, वहां कांग्रेस पूरी तरह साफ है। हर जगह बस फूल ही फूल है। राज्यमंत्री ने कहा कि राम शब्द का उच्चारण मात्र से ही तमाम काम हो जाते हैं। 125 साल पहले शिकागो गये स्वामी विवेकानंद का भी नाम नरेंद्र था और अमेरिका गए अब के मोदी का भी नाम नरेंद्र ही है। अमेरिका, इजरायल के बाद अब भारत है जो दूसरे देश में घुसकर मारने वाला देश बना है। बोले, दुनिया के भीतर परचम लहराने का काम मोदी ने किया है। 2014 से पहले गरीबों का खाता बैंक नहीं था, तब मोदी ने कहा सबका खाता खुलेगा। 34 करोड़ लोगों का जनधन खाता खुला। उन्होंने कहा कि राफेल फेल हुआ, सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस जारी किया है। भाजपा सरकार ने यूपी में पौने तेरह लाख मकान बना कर दिया। कहा कि पैसा देने पर भी जहां गैस सिलेंडर नहीं मिलता था। अब भाजपा ने पूरे भारत में नौ करोड़ कनेक्शन दिया।

ताकि पति का देख सकें चेहरा : राज्यमंत्री

चमचमाती बिजली में पति का चेहरा देख सकें पत्नियां इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सौभाग्य योजना से गांवों को जगमग कराया। शौचालय, इंद्रधनुष टीका व आयुष्मान भारत योजना पर भी बखान किया। बोले, हर वर्ग की चिंता मोदी ने करते हुए संकल्प पत्र जारी किया।

भारत के लिए देवता हैं मोदी : महेंद्र सिंह

सभा को संबोधित करते हुए डा. महेंद्र सिंह ने कहा कि मोदी भारत के लिए देवता हैं-भगवान हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब से मोदी बने। भारत का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ाया। 18 घंटे जागकर सिर्फ देश के विकास के लिए मोदी काम कर रहे हैं। बोले, भारतमाला व सागरमाला होगी तो आतंकवादी मार गिराए जाएंगे। राहुल के धारा 370 को‌ समाप्त करने वाले बयान पर राज्यमंत्री ने चुटकी ली। कहा कि एक साल का बच्चा भी गुस्सा करने लगता है लेकिन वे (राहुल) अब 40 उम्र पार पर कर रहे हैं।

सपा कार्यकाल में प्रदेश बन गया था दंगा प्रदेश

गठबंधन पर डा. महेंद्र बोले कि पूर्व की सपा सरकार में अयोध्या समेत प्रदेश भर में दंगे हुए। इसके चलते यह प्रदेश दंगा प्रदेश बन गया था। अंबेडकर नगर में रामबाबू की हत्या में मुकदमा नहीं लिखा जा रहा था। राम की परिक्रमा पर रोक लगा दी थी। त्रेता के बाद अब इस युग में भी अब भगवान राम हेलीकाप्टर से आए।अबकी बार चार सौ के पार के बावत बोले कि यह जनता का मत है। चूंकि सब जगह मोदी मय है।

डालेंगे आशीर्वाद रूपी जीत का माला: लल्लू

सांसद लल्लू सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों से और आतंकवादियों से सीमा की सुरक्षा कर सके। जो सैनिकों पर हमले का करारा जवाब दे सके। ऐसी सरकार चाहिए। देश को सरकार हरेक की चिंता व अच्छी तरह रखवाली करने वाला चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी प्रधानमंत्री न बनें इसलिए महागठबंधन बना है लेकिन इसका मालिक वे नहीं जनता है। जिसका जवाब जनता देगी। उन्होंने मेडिकल कालेज, अयोध्या रेलवे स्टेशन, टैकलाइन दोहरीकरण, अयोध्या रिंग रोड, राम वनगमन मार्ग, राम-जानकी मार्ग, प्रस्तावित एयरपोर्ट को मोदी का विकास बताया। कहा कि सरकार बनने के बाद अब पानी का जहाज भी चलेगा। बोले, दूसरा कोई अयोध्या के लिए यह सब कतई नहीं करा पाएगा।

मोदी के बलबूते दूसरों की जब्त होगी जमानत : रामचंद्र

सांसद लल्लू के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए रामचंद्र यादव ने कहा कि इस बार मोदी के काम के बलबूते दूसरे दलों की जमानत जब्त हो जाएगी। पांच साल के बजटों में सबसे ज्यादा हिस्सा अयोध्या के खाते में आया है। बसर्ते इसे जनता को बताने की जरूरत है। उन्होंने ग्रामवार विकास भाजपा सरकार के विकास को गिनाया। बोले, बस इन कार्यों को भाजपा के सैनिकों को बताने की आवश्यकता है। विधायक ने कहा कि पूर्व की सपा व बसपा सरकार में युवाओं पर बेवजह मुकदमे दर्ज हुए थे। मूर्ति विसर्जन के दौरान भी फर्जी केस की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि 47 करोड़ का घोटाला सिर्फ रुदौली क्षेत्र के कब्रिस्तान निर्माण में हुआ। झन्ना नाला पुल में डेढ़ करोड़ का गबन किया। उन्होंने जनता से अपील किया कि आगामी छह मई को वोटों से बदला लेना है।

ये प्रमुख लोग रहे मौजूद

रौजागांव में आयोजित भाजपा की जनसभा में सांसद लल्लू सिंह, विधायक रामचंद्र यादव, बांके बिहारी, प्रभारी रामप्रकाश यादव, जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय ‘बादल’, ऊषा रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष मनमोहन दास, रघुनंदन चौरसिया, ब्लॉक प्रमुख राजीव तिवारी, शिवगोविंद पांडेय, धर्मेंद्र सिंह, संजीव यादव, आलोकचंद्र यादव, दिनेश यादव, महेंद्र पांडेय, राजकिशोर सिंह, राघ्वेंद्र शर्मा, आशीष शर्मा, कृष्ण कुमार कौशल, रितेश गुप्त, विनय गुप्त, रमेश, सचिन कसौंधन, आशीष वैश्य, मनीष चौरसिया, अमित शर्मा आदि रहे।

गन्ना किसानों का बाधित रहा मार्ग

रौजागांव चीनी मिल आगामी चार-पांच दिनों में पेराई सत्र ठप हो रहा है। ऐसे में मिल के समीप हाइवे किनारे ही साध्वी उमा भारती की सभा को लेकर नरौली-टांडा खुलासा मार्ग पर ट्रालियों के आवागमन पर रोक लगा दी गई थी। इसके चलते पांच किमी तक गन्ना लदी ट्रालियां खड़ी हो गई। किसानों को ही नहीं आमजन को भी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। कई किसानों का समय का निकसान होने से उनका खेत में पड़ा गन्ना नहीं लादा जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading