विदा नहीं करने पर पत्नी को मारी हंसिया, हालत गंभीर

बाराबंकी ! सुबेहा थाना क्षेत्र के गांव किलाबाद का सोनू अपनी पत्नी को विदा कराने ससुराल सराय बरई गया था। मंगलवार की भोर उसने पत्नी को विदा कराने की बात की तो सास ससुर ने मना कर दिया। पत्नी ने भी अपने माता-पिता का पक्ष लिया। इससे नाराज होकर सोनू ने पास रखी हंसिया से पत्नी के ऊपर वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवारीजनों के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने आरोपी सोनू को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल युवती को सीएचसी टिकैतनगर से ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।
विदाई के लिए मना किया तो हुआ विवाद।
सुबेहा थाना के गांव किलाबाद निवासी सोनू पुत्र मुश्ताक की शादी करीब तीन साल पहले टिकैतनगर थाना क्षेत्र के गांव सराय बरई निवासी अब्दुल गफ्फार की पुत्री शहनूम बानो से हुई थी। सोनू की पत्नी शहनूम करीब एक माह पहले अपने मायका आई थी, तभी से यहीं थी। सोमवार को सोनू पत्नी को विदा कराने अपनी ससुराल गया था। उसने अपने ससुर अब्दुल गफ्फार से विदाई की बात की उन्होंने मना कर दिया। इससे रात में ही दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद सभी सो गए। मंगलवार की भोर एक बार फिर से सोनू ने पत्नी को विदा करने की बात कही तो सास-ससुर ने मना कर दिया। पत्नी शहनूम ने भी माता-पिता की हां में हां मिलाई। इससे नाराज सोनू ने पास में रखी हंसिया से पत्नी शहनूम की गर्दन पर वार कर दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी सोनू के इस हमले से घर में चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों ने सोनू को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
