October 23, 2026

राम-भरत मिलाप शोभायात्रा में जयश्रीराम के जयघोष से गूंजा रुदौली

WA_1792668557519

आकर्षक झांकियों और सुसज्जित रथों ने मोहा मन, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल,137 वें वर्ष की रामलीला के अंतिम दिन निकली ये यात्रा भाईचारा, त्याग और मर्यादा का दिया संदेश।

रुदौली(अयोध्या) ! श्रीरामलीला समिति ख्वाजाहाल की 137वें वर्ष की रामलीला के अंतिम दिन भव्य राम-भरत मिलाप शोभायात्रा निकाली गई। आकर्षक झांकियों, सुसज्जित रथों और जयश्रीराम के जयघोष के बीच निकली यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।जिससे पूरे नगर में भक्ति व उत्सव जैसा माहौल रहा।

शोभायात्रा श्रीरामलीला मैदान से शुरू होकर मोहल्ला कोठी, कटरा, नवाब बाजार, टेढ़ी बाजार, मंगल बाजार और नया गंज होते हुए पुनः रामलीला मैदान पहुंची। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह नगर के वासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और भगवान श्रीराम की आरती उतारी। मयूर नृत्य, जबलपुर का घोड़ा नाच तथा ब्रह्मा-विष्णु, शिव-पार्वती, परशुराम, तुलसीदास और केवट प्रसंग पर आधारित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।यात्रा रामलीला मैदान पहुंचने पर भगवान श्रीराम और उनके अनुज भरत के मिलन का भावपूर्ण मंचन किया गया। वर्षों के विरह के बाद दोनों भाइयों के मिलन का दृश्य देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस प्रसंग ने भाईचारे, त्याग, प्रेम और पारिवारिक मर्यादा का संदेश दिया। शोभायात्रा ने नगर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत करते हुए लोककला और सामाजिक समरसता की झलक पेश की।

समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद

शोभायात्रा में रामलीला निर्देशक कमलेश मिश्रा, उपनिर्देशक मृदुल मनोहर अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, आलोक गर्ग, राजेश बंसल, आशीष शर्मा, नीरज द्विवेदी, रमेश गुप्ता, राकेश मिश्रा, शैलेंद्र शर्मा, शिव प्रकाश कसौधन, बद्री प्रसाद, मुदित अग्रवाल, शोभित अग्रवाल, मनीष चौरसिया और राम किशोर समेत हजारों लोग मौजूद रहे।

सुरक्षा में मुस्तैद रहा पुलिस- प्रशासन

शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए तहसीलदार विजय गुप्ता,नगर कोतवाल संजय मौर्य, नया गंज चौकी प्रभारी रवि शर्मा और किला चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।यात्रा के प्रारंभ से समापन तक पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading