हजारों दीपों की रोशनी से जगमगाया मां कोटहिन भवानी मंदिर परिसर ,बाबा गोरखनाथ नेभी उतारी आरती

भव्य दीपोत्सव और महाआरती में उमड़ा आस्था का सैलाब,भाजपा जिलाध्यक्ष समेत जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने की शिरकत

अयोध्या ! शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत कोटडीह स्थित मां कोटहिन भवानी मंदिर परिसर में भव्य दीपोत्सव एवं महाआरती का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए भाजपा नेता एवं मिल्कीपुर के पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ ने मां भगवती के श्रीचरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। हजारों दीपों की जगमगाहट, भव्य पुष्पवर्षा और मां के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

सरयू आरती की आध्यात्मिक अनुभूति और सामूहिक महाआरती ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी के बीच ग्रामवासियों और दुर्गापूजा समिति की ओर से अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। दीपोत्सव ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं की जीवंत झलक प्रस्तुत की। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह रहा।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, अमानीगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पवन सिंह, मंडल अध्यक्ष ब्रह्म प्रकाश शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी सुशील मिश्रा, प्रधान संघ अध्यक्ष पवन पांडेय और उपनिदेशक ग्राम विकास विभाग दीनानाथ द्विवेदी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

इनके अलावा क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, भाजपा पदाधिकारियों, समाजसेवियों, शिक्षकों, पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता की।आयोजन में प्रधान प्रतिनिधि सुरेश ओझा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त ग्रामवासियों, दुर्गापूजा समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया।

