अयोध्या ! रसोइयों को वेतन वृद्धि, कैशलेस इलाज और दुर्घटना बीमा की सौगात
विधायक बोले- सरकार को रसोइयों के साथ उनके परिवार की भी चिंता।
रुदौली,अयोध्या ! पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों के सम्मान एवं प्रोत्साहन के लिए रविवार को तहसील सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में विधायक रामचंद्र यादव ने रसोइयों के हित में प्रदेश सरकार की ओर से की गई घोषणाओं को संवेदनशील और महत्वपूर्ण पहल बताया।
विधायक ने कहा कि सरकार ने रसोइयों के मानदेय में वृद्धि के साथ कैशलेस चिकित्सा सुविधा और दो लाख रुपये के दुर्घटना बीमा की सौगात दी है। रुदौली और मवई ब्लॉक के 955 रसोइयों को इसका लाभ मिलेगा। साड़ी के लिए मिलने वाली धनराशि में भी 500 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार रसोइयों के साथ उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को लेकर भी गंभीर है।उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नीलमणि त्रिपाठी ने रसोइयों को बेसिक शिक्षा परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता ने रसोइयों को स्वच्छता के साथ भोजन तैयार करने के निर्देश दिए। बीईओ रमाकांत राम ने पीएम पोषण योजना के सफल संचालन में रसोइयों की भूमिका की सराहना की।इस दौरान पांच रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड तथा पांच को बढ़े मानदेय का प्रतीकात्मक चेक देकर सम्मानित किया गया। संचालन संजय सिंह ने किया। कार्यक्रम में शिक्षक, प्रधानाध्यापक और बड़ी संख्या में रसोइया मौजूद रहे।

