बाराबंकी : होटल पर कहासुनी के बाद घात लगाकर चौकीदार की हत्या
लाठी-डंडों से हमले में गंभीर रूप से घायल 52 वर्षीय राजेश यादव ने अस्पताल में तोड़ा दम, पांच के खिलाफ मुकदमा; एक आरोपी हिरासत में

रामनगर (बाराबंकी) ! होटल पर हुई कहासुनी के बाद रास्ते में घात लगाकर बैठे हमलावरों ने गांव के चौकीदार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल 52 वर्षीय राजेश यादव ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
भरसवां गांव निवासी रामगोपाल के अनुसार, उनका भाई राजेश यादव गांव में चौकीदार था। मंगलवार को वह ग्रामीणों के साथ नगर पंचायत में आयोजित आल्हा गायन सुनने गया था। लौटते समय थाने के सामने स्थित एक होटल पर नाश्ता करने के दौरान गांव निवासी होटल कर्मी रामू प्रजापति से उसकी कहासुनी हो गई।

बताया गया कि इसके बाद राजेश गांव के ही देशराज के साथ साइकिल से घर लौट रहा था। गांव के पास मेंथा टंकी के निकट पहले से घात लगाए श्रवण, शुभम बाबू, रामकैलाश और कुलदीप समेत अन्य लोगों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले के दौरान देशराज साइकिल लेकर वहां से भाग निकला। गंभीर रूप से घायल राजेश को हमलावर सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।इसी दौरान बाइक से गांव लौट रहे शिवपाल यादव और वीर यादव की नजर सड़क पर पड़े राजेश पर पड़ी। दोनों ने परिजनों को सूचना दी और घायल को मोटरसाइकिल से रामनगर थाने पहुंचाया। पुलिस ने उसे सीएचसी भेजा, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान राजेश की मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी और सीओ गरिमा पंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बुधवार को इंस्पेक्टर सुभाष कुमार यादव ने भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल की जांच की।

पुरानी रंजिश या कहासुनी, जांच में जुटी पुलिस
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि कुछ दिन पहले गांव में हुए विवाद में राजेश द्वारा एक पक्ष की सिफारिश किए जाने को लेकर आरोपी पक्ष उससे रंजिश मान रहा था। हालांकि कोतवाल अरुण प्रताप सिंह ने पुरानी रंजिश से इनकार किया है। उनका कहना है कि शराब के नशे में हुई कहासुनी के बाद मारपीट हुई, जिसमें घायल चौकीदार की अस्पताल में मौत हो गई। हत्या का मुकदमा दर्ज कर घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
■ पांच पर हत्या का मुकदमा
पुलिस ने मामले में पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
■ गांव में पुलिस बल तैनात
घटना के बाद तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में एहतिहात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई है।

