पटरंगा(अयोध्या) : बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले दो शातिर अंतर्जनपदीय चोर गिरफ्तार
करीब 20 लाख के जेवरात,वरुना कार और अपाचे बाइक बरामद,धमौरा में रिटायर्ड सैन्यकर्मी की चोरी समेत इनायतनगर की दो वारदातों का खुलासा।

अयोध्या ! जिले की पटरंगा पुलिस ने बंद मकानों की रेकी कर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले एक शातिर अंतर्जनपदीय गिरोह का राजफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के दस अदद सोने-चांदी के जेवर, चोरी के जेवर बेचकर खरीदी गई सेकेंड हैंड वरुना कार और नई अपाचे बाइक बरामद की है।पुलिस के मुताविक पकड़े गए चोरों ने पूंछताछ में इनायतनगर थाना क्षेत्र में हुई दो चोरी की घटनाओं में भी शामिल होने की बात बताई है।
पटरंगा थाने के एसएचओ शशिकांत यादव में बताया कि 14/15 जून की रात धमौरा गांव निवासी रिटायर्ड सैन्यकर्मी राणाबीर विक्रम सिंह के बंद मकान में चोर छत के रास्ते दाखिल हुए थे और बक्से और अलमारी के ताले तोड़कर जेवरात चोरी कर लिए गए थे। घटना के बाद पटरंगा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम को राजफाश के लिए लगाया गया था।प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाराबंकी के दरियाबाद थाना क्षेत्र के भीखनापुर निवासी विजय बहादुर उर्फ कल्लू और टिकैतनगर थाना क्षेत्र के आल्हनमऊ निवासी राजू उर्फ दिनेश को गिरफ्तार किया।जिनकी निशादेही पर तीन हार, तीन चेन, चार कंगन, आठ अंगूठियां, छह झुमकी, तीन झाला, माथ बिंदी, तीन लाकेट, कान की कील और एक जोड़ी पायल समेत भारी मात्रा में कीमती जेवर बरामद हुए।
चोरी के जेवर बेचकर खरीदी कार
प्रभारी निरीक्षक ने बताया शातिर चोरों ने चोरी के जेवर बेचकर सेकेंड हैंड वरुना कार खरीद चुके थे। वारदात में इस्तेमाल की जा रही अपाचे बाइक भी बरामद हुई है। इसके अलावा इनायतनगर की घटनाओं से संबंधित एक जोड़ी पायल, नथिया और एक जोड़ी पाजेब भी पुलिस ने बरामद की है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये के आस पास है।
कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों शातिर चोरों के खिलाफ पटरंगा और इनायतनगर के अलावा बाराबंकी के टिकैतनगर थाने में चोरी व अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में पूछताछ कर रही है।गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव, उपनिरीक्षक मदन पाल, प्रशांत पांडेय समेत दयानंद शिवा सिंह अभिनव यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

