अयोध्या : सुनबा सहित जिले की चार सीएचसी पर जल्द होगी डिजिटल एक्स-रे की सुविधा
60 लाख रुपये का बजट जारी, करीब 10 लाख ग्रामीणों को मिलेगा लाभ; 15-15 लाख की लागत से लगेंगी मशीनें

अयोध्या। ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को अब एक्स-रे जांच के लिए जिला अस्पताल या निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। जिले के चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में जल्द ही डिजिटल एक्स-रे मशीनें स्थापित की जाएंगी। स्वास्थ्य निदेशालय ने इसके लिए 60 लाख रुपये का बजट जारी कर दिया है। चारों केंद्रों पर 15-15 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इससे करीब 10 लाख की आबादी को स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा मिल सकेगी।
इन चार सीएचसी पर लगेगी मशीन
सीएमओ डॉ. देवेंद्र कुमार भिटौरिया ने बताया कि हैदरगंज, बीकापुर, मिल्कीपुर और सुनवा सीएचसी को डिजिटल एक्स-रे मशीन के लिए चुना गया है। प्रत्येक केंद्र पर मशीन की खरीद और स्थापना के लिए 15 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। तकनीकी टीम इन केंद्रों का सर्वे भी पूरा कर चुकी है। अब मशीनों की स्थापना की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
500 से 700 रुपये तक बचेंगे
अभी ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को एक्स-रे जांच के लिए निजी सेंटरों या जिला अस्पताल जाना पड़ता है। निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों पर एक एक्स-रे के लिए करीब 500 से 700 रुपये तक खर्च आता है। इसके अलावा मरीज और तीमारदार को शहर आने-जाने में समय और किराया भी खर्च करना पड़ता है। सीएचसी में सुविधा मिलने से इन खर्चों में कमी आएगी।
समय पर जांच, इलाज में भी तेजी
डिजिटल एक्स-रे सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही जांच की सुविधा मिल जाएगी। इससे बीमारी की पहचान समय पर होने के साथ उपचार शुरू करने में भी तेजी आएगी। खासकर हड्डी से जुड़ी चोट और अन्य मामलों में मरीजों को तत्काल जांच की सुविधा मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।

