अयोध्या : आउटसोर्स भर्ती में घूसखोरी का भंडाफोड़, छावनी बोर्ड का कर्मचारी 60 हजार लेते गिरफ्तार
सीबीआई के ट्रैप में रंगे हाथ पकड़ा गया सफाई कर्मचारी, भर्ती से जुड़े दस्तावेज व नकदी बरामद, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज।

अयोध्या ! अयोध्या छावनी बोर्ड में आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती के नाम पर रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एंटी करप्शन शाखा ने ट्रैप कार्रवाई के दौरान छावनी बोर्ड के सफाई कर्मचारी जितेंद्र सिंह को 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से नकदी और भर्ती से संबंधित अभ्यर्थियों की सूची भी बरामद हुई है। सीबीआई ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।सीबीआई के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि आउटसोर्स के माध्यम से सफाई कर्मियों की भर्ती कराने के लिए प्रति अभ्यर्थी 12 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। पांच अभ्यर्थियों की नियुक्ति के एवज में पहले चरण में 60 हजार रुपये देने और शेष 40 हजार रुपये बाद में देने पर सहमति बनी थी।शिकायत के सत्यापन के बाद सीबीआई ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। शिकायतकर्ता को रासायनिक पाउडर लगे नोट दिए गए। तय स्थान पर जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, सीबीआई टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसकी मोटरसाइकिल से 50 हजार रुपये नकद और भर्ती से संबंधित अभ्यर्थियों की सूची बरामद हुई, जबकि जेब से 25 हजार रुपये भी मिले।सीबीआई अब यह भी जांच कर रही है कि भर्ती प्रक्रिया में रिश्वतखोरी के इस मामले में कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल था या नहीं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

