अयोध्या : नजूल भूमि विवाद में खूनी संघर्ष, चार घायल, नौ आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
ऋणमोचन घाट में लाठी-डंडों और पथराव का आरोप, पुलिस ने शुरू की विवेचना
![]()
अयोध्या ! कोतवाली नगर अयोध्या क्षेत्र के ऋणमोचन घाट में नजूल भूमि को लेकर चल रहे विवाद ने बुधवार रात हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक पक्ष के नौ लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे चार लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने महिलाओं द्वारा पथराव करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़ित प्रभाकर यादव निवासी ऋणमोचन चौराहा के अनुसार, सार्वजनिक उपयोग के लिए नगर निगम द्वारा नजूल भूमि पर नल लगवाने को लेकर पड़ोसियों से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में बुधवार रात करीब आठ बजे रामदेव, लक्ष्मण यादव, नरेश, राकेश, गणेश, बिल्लू, मुन्ना, रामजी और रक्षाराम उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सौरभ, दिनेश, उमेश समेत चार लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। शोर-शराबे के बीच महिलाओं द्वारा पथराव किए जाने का भी आरोप लगाया गया।सूचना पर पहुंची पुलिस के आने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है। दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

