बाराबंकी : बनीकोडर सीएचसी पहुंचने से पहले हाइड्रोसील ऑपरेशन कराने वाले रुदौली के युवक की मौत
बिचाला गांव निवासी मुकेश की शुजागंज स्थित निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद बिगड़ी थी हालत।परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप,रामसनेही घाट पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

बाराबंकी ! कोतवाली रुदौली क्षेत्र के बिचाला गांव निवासी 25 वर्षीय मुकेश की हाइड्रोसील के ऑपरेशन के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने शुजागंज स्थित एक निजी अस्पताल के संचालक पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया है।बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, मुकेश ने पांच दिन पहले शुजागंज स्थित एक निजी अस्पताल में हाइड्रोसील का ऑपरेशन कराया था। आरोप है कि ऑपरेशन से पहले आवश्यक चिकित्सीय जांच नहीं की गई और उसी दिन उन्हें छुट्टी देकर घर भेज दिया गया। अगले दिन ऑपरेशन वाले स्थान पर तेज दर्द और तकलीफ बढ़ने पर वह दोबारा अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें केवल दर्द निवारक दवाएं देकर वापस भेज दिया गया। इसके बावजूद उनकी हालत लगातार बिगड़ती रही।इसके बाद परिजन उन्हें रुदौली के एक अन्य अस्पताल ले गए।

वहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उनकी हालत और बिगड़ गई, जिस पर परिजन उन्हें बाराबंकी जिले के बनीकोडर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।जहां चिकित्सकों ने जांच के दौरान ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।मुकेश अपने पीछे पत्नी मनीषा और चार छोटे बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है।सीएचसी बनीकोडर के अधीक्षक डा0 रमेश चंद्र ने बताया कि मुकेश को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। वहीं, प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

