July 31, 2026

रुदौली के बाढ़ प्रभावित गांव का जायजा लेने पहुंचे डीएम शशांक त्रिपाठी, राहत व्यवस्थाओं का जाना हाल

IMG-20260731-WA0019

ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, समस्याएं सुनीं; अधिकारियों को राहत कार्यों में लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत।

रुदौली,अयोध्या ! जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शुक्रवार को रुदौली तहसील के कैथी माझा तथा सोहावल ब्लॉक के मांझा कला सहित संभावित बाढ़ प्रभावित एवं तराई क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं पुनर्वास व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नाव के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ उपजिलाधिकारी विनोद कुमार गुप्ता, तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता तथा खंड विकास अधिकारी अखिलेश कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने शौचालय, प्रधानमंत्री आवास, शुद्ध पेयजल, आवागमन के लिए संपर्क मार्ग तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। डीएम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक बिंदु का स्थलीय सत्यापन कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्य पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समयबद्ध ढंग से खाद्यान्न, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए शिक्षा की समुचित व्यवस्था करने तथा अध्ययन के लिए आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने, कैथी माझा में सोलर लाइट व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा राहत कार्यों में पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही बाढ़ से बचाव, राहत एवं बचाव कार्य, पेयजल आपूर्ति और आवागमन की व्यवस्थाओं को हर समय दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित ग्रामीणों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading