अयोध्या : सीएम योगी ने बीकापुर को दी 432 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
सीएम योगी ने बीकापुर क्षेत्र के दो नगर पंचायतों के नाम बदलने की घोषणा,खिरौनी-सोहावल नगर पंचायत होगी ‘मां ज्वाला देवी व भरतकुंड-भदरसा का नया नाम ‘भरत नगर भरतकुंड होगा।

सोहावल,अयोध्या ! मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के सोहावल में आयोजित जनसभा के दौरान क्षेत्र को 432 करोड़ रुपये की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ दो महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खिरौनी-सोहावल नगर पंचायत का नाम अब ‘मां ज्वाला देवी नगर पंचायत’ तथा भरतकुंड-भदरसा नगर पंचायत का नाम ‘भरत नगर भरतकुंड’ होगा।मुख्यमंत्री ने सोहावल विकासखंड परिसर में स्थापित स्वर्गीय मुन्ना सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए तथा प्रधानमंत्री

आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपीं।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अयोध्या और बीकापुर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, सड़क, पेयजल, पर्यटन, नगर विकास और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और अयोध्या को धार्मिक ही नहीं, बल्कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना है।

