April 30, 2026

सऊदी में मौत के बाद बेटे का शव पहुंचा वतन, रुश्दी मियां के प्रयास से पूरी हुई परिवार की अंतिम इच्छा

WA_1777517789486.jpeg

5 अप्रैल को सऊदी अरब में संदिग्ध हालात में हुई थी युवक की मौत,पूर्व विधायक ने उठाया पूरा खर्च, 15-20 दिन में पूरी हुई प्रक्रिया

रूदौली (अयोध्या) ! रूदौली क्षेत्र के पूरे परसन बारी गांव निवासी सुरेंद्र कुमार लोधी की सऊदी अरब में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिवार की एक ही इच्छा थी,कि बेटे का अंतिम संस्कार गांव की मिट्टी में हो। 5 अप्रैल 2026 को हुई इस घटना ने परिजनों को पूरी तरह झकझोर दिया था। विदेश से शव मंगवाने की जटिल प्रक्रिया, सरकारी अनुमति और भारी खर्च ने इस उम्मीद को लगभग टूटने के कगार पर ला दिया था।परिजन लगातार प्रयास करते रहे, लेकिन हर कदम पर मुश्किलें सामने आ रही थीं। ऐसे कठिन समय में पूर्व विधायक सैय्यद अब्बास अली जैदी ‘रुश्दी मियां’ ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मामले को अपने हाथ में लिया। उन्होंने न केवल संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा, बल्कि शव को भारत लाने की पूरी प्रक्रिया और खर्च भी स्वयं वहन किया।उनकी कोशिशों का ही नतीजा रहा कि बुधवार देर रात सुरेंद्र कुमार लोधी का शव लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा।

इस दौरान रुश्दी मियां खुद मौके पर मौजूद रहे और परिजनों के साथ मिलकर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराईं। इसके बाद शव को एंबुलेंस से रूदौली भेज दिया गया।इस पूरी प्रक्रिया में सऊदी अरब में रहकर जावेद टेली (शेखाना रूदौली) और मेराज अंसारी (पुरानाकोर्ट रूदौली) ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने 15-20 दिनों के भीतर सभी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा कराने में सक्रिय सहयोग दिया, जिससे शव को समय रहते भारत लाया जा सका।अब सुरेंद्र कुमार लोधी का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में किया जाएगा। गांव और क्षेत्र में शोक की लहर है, लेकिन परिजनों को इस बात का सुकून है कि उनका बेटा आखिरकार अपने घर की मिट्टी में लौट आया।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading