बाराबंकी : विद्युत उपकेंद्र को किया गया सैनिटाइज

सिरौलीगौसपुर(बाराबंकी) ! कोरोना वायरस से मुक्ति पाने के लिए बिजली विभाग ने भी अपनी कोशिशें तेज कर दी हैं। विद्युत उपकेंद्र पर सैनिटाइजर दवाओं का छिड़काव करके पावर हाउस पर रहने वाले कर्मचारियों एवं आने वाले उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर विद्युत उपकेंद्र सिरौलीगौसपुर में सैनिटाइजर का छिड़काव किया गया। एवं सभी कर्मचारियों को मास्क लगाकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उपकेंद्र पर आने वाले उपभोक्ताओं के लिए सैनिटाइजर एवं हैंड वॉश के इंतजाम भी किए गए हैं। साथ ही उपभोक्ताओं को ऑनलाइन विद्युत बिल जमा करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। उपभोक्ताओं की समस्याओं को फोन पर सुनकर तत्काल दूर करने का प्रयास भी किया जा रहा है। जिससे कि विद्युत उपकेंद्र पर किसी भी प्रकार का जमावड़ा न लगने पाए। वही गेहूं की फसल किसानों के घरों तक सुरक्षित पहुंचाने के उद्देश्य से विद्युत कर्मचारियों द्वारा खेतों से निकली लाइनों के नीचे कटाई के समय कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से रहने के निर्देश भी अधिकारियों द्वारा दिए गए हैं। जिससे किसी भी प्रकार के नुकसान से किसानों की फसलों को बचाया जा सके। इस संबंध में अधिशासी अभियंता हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना वायरस से कर्मचारियों व लोगों को बचाने के लिए सरकार द्वारा जारी निर्देशों का पालन किया जा रहा है। साथ ही साथ पावर हाउस को भी सेनीटाइज किया जा रहा है।
