May 25, 2025

सोनभद्र: जमीन के विवाद में चली गोली, 10 की मौत, कई घायल

12110967128c0c13ec85ca8191384e8121a98bf135134798207155508504.jpg

सोनभद्र
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में जमीन को लेकर हुए विवाद के बाद बुधवार को दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ है। जानकारी के मुताबिक, 10 लोगों की मौत हो गई है और लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए हैं। घटना घोरावल की ग्रामसभा मूर्तिया के गांव उम्भा की है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, 100 बीघे जमीन को लेकर पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच असलहे से फायरिंग के अलावा गड़ासे से भी लड़ाई हुई।

इस मामले की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्‍पताल पहुंचाया, जहां पर कई की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृतकों में चार महिलाएं और छह पुरुष शामिल हैं। वहीं घायलों की संख्‍या दर्जन भर से अधिक है, जिनका इलाज अस्‍पताल में किया जा रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि घायल हुए लोगों के तत्काल इलाज के लिए बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।

दो साल पहले खरीदी हुई जमीन पर कब्जे को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, प्रधान ने दो साल पहले जमीन खरीदी थी। बुधवार को वह अपने सहयोगियों के साथ जमीन पर कब्जा करने पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने विरोध किया। इसी को लेकर विवाद हुआ और फायरिंग शुरू हो गई। दोनों ओर से लोग गड़ासा, ईंट, पत्थर और कुल्हाड़ी लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। फायरिंग में 10 लोगों की जान चली गई, जिसमें चार महिलाएं शामिल हैं। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमा चौकन्ना हो गया। जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस अधीक्षक समेत तमाम आला अधिकारी पहुंचे। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल में भर्ती कराया गया जबकि गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रिफर किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading