अयोध्या : सपा नेता अखिलेश यादव की गोली मारकर हत्या से हड़कंप

अयोध्या ! जनपद में हत्या का सिलसिला जारी है।यहां सोमवार की देर शाम युवा सपा नेता अखिलेश यादव उर्फ टिक्कू की गोली मारकर हत्या कर दी गई।मृतक सपा के लोहियावाहिनी गोशाईगंज विस क्षेत्र अध्यक्ष थे।घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है।इस गोलीकांड को लेकर सपा नेताओं में आक्रोश व्याप्त है।पुलिस का कहना है कि परिवार की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। गोलीकांड में एक युवक का नाम सामने आया है। छानबीन की जा रही है।
ये है पूरा मामला
मामला महाराजगंज थाना क्षेत्र का है।दरअसल,सोमवार की देर शाम अदमापुर गांव निवासी अखिलेश व्यायामशाला से घर लौट रहे थे। कनकपुर शराब ठेके के पास एक व्यक्ति ने टिक्कू को रोका और उन्हें गोली मार दी।गोलीबारी के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस घायलावस्था में सपा नेता को लेकर सीएससी पहुंची। जहां हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। यहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
क्या कहना है पुलिस का ?
गोलीकांड में कनकपुर गांव के एक युवक का नाम सामने आया है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है।छानबीन में जिस युवक का नाम सामने आया है, उसकी तलाश की जा रही है।
सपा के पूर्व मंत्री ने हत्याकांड की कड़ी निंदा
उधर, सपा के पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय पवन ने इस गोलीकांड की कड़ी निंदा की है। उन्होंने टिक्कू यादव की मौत को दुखद बताते हुए पार्टी के लिए क्षति बताया है। टिक्कू यादव सपा के युवा नेताओं में थे। पवन ने वारदात में शामिल हमलावरों के शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रभावी कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों से मुलाकात की जाएगी।
