August 5, 2026

यूपी : 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर की तैयारी

IMG-20260805-WA0032

पहले अनुपूरक बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान, वरिष्ठ महिलाओं को यात्रा में मिलेगी आर्थिक राहत।

लखनऊ ! उत्तर प्रदेश सरकार ने 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम अनुपूरक बजट में इस व्यवस्था के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) को भुगतान के मद में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
सरकार के इस प्रस्ताव से प्रदेश की वरिष्ठ महिलाओं को धार्मिक, सामाजिक, पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए यात्रा करने में आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह के मुताबिक, इस सुविधा से वरिष्ठ महिलाओं के सम्मान, सुविधा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।

लाखों वरिष्ठ महिलाओं को मिल सकता है लाभ।

प्रदेश में बड़ी संख्या में 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं विभिन्न जरूरतों के लिए रोडवेज बसों से यात्रा करती हैं। निशुल्क यात्रा की व्यवस्था लागू होने पर उन्हें किराये के खर्च से राहत मिलेगी। सरकार की ओर से इसके लिए बजट में धनराशि की व्यवस्था किए जाने के बाद अब योजना को अमलीजामा पहनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

महिला कल्याण के लिए भी अतिरिक्त बजट।

अनुपूरक बजट में महिला कल्याण विभाग के लिए भी अतिरिक्त धनराशि का प्रावधान किया गया है। इसमें निराश्रित महिला पेंशन योजना के लिए 930 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लिए 110 करोड़ रुपये और रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष के लिए 54.30 करोड़ रुपये की व्यवस्था शामिल है।इस तरह वरिष्ठ महिलाओं के लिए रोडवेज में निशुल्क यात्रा की प्रस्तावित व्यवस्था को सरकार की महिला कल्याण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading