अयोध्या : चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण में लापरवाही पर 13 इंजीनियरों का वेतन रोका
डीएम ने अगस्त का वेतन रोककर सात दिन में मांगा स्पष्टीकरण, गुणवत्ता और निगरानी में मिली थी कमी।

अयोध्या ! चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्य में लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-3 के 13 इंजीनियरों का अगस्त माह का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए हैं। इनमें एक अधिशासी अभियंता, तीन सहायक अभियंता और नौ अवर अभियंता शामिल हैं। सभी संबंधित अधिकारियों से सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मंडलायुक्त राजेश कुमार के साथ चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग पर चल रहे निर्माण और पौधरोपण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुपालन में कमियां सामने आईं। साथ ही कार्यों की प्रभावी निगरानी और पर्यवेक्षण में भी अधिकारियों की लापरवाही पाई गई।मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के अगस्त माह के वेतन पर रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सात दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है। अधिकारियों के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
गुणवत्ता से समझौता नहीं
डीएम शशांक त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग जैसी जनहित और धार्मिक महत्व की परियोजनाओं में निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी और निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चेतावनी दी गई कि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।

