अयोध्या : हर्षित मिश्रा ने संभाली बाबा बाजार थाना क्षेत्र के कामाख्या पुलिस चौकी की कमान
सेवानिवृत्त धनीराम वर्मा की जगह मिली जिम्मेदारी, कानून-व्यवस्था मजबूत करना और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना प्राथमिकता।

बाबाबाजार, अयोध्या ! बाबा बाजार थाना क्षेत्र की कामाख्या पुलिस चौकी के नए प्रभारी के रूप में उपनिरीक्षक हर्षित मिश्रा ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने निवर्तमान चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धनीराम वर्मा के सेवानिवृत्त होने के बाद चौकी की जिम्मेदारी संभाली है।कार्यभार ग्रहण करने से पहले हर्षित मिश्रा ने क्षेत्र के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां कामाख्या देवी धाम पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और मां का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस चौकी पहुंचकर औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला।इससे पहले हर्षित मिश्रा रुदौली कोतवाली के हल्का नंबर एक और दो के प्रभारी के रूप में तैनात रहे। उनके कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में उनकी कार्यशैली और सक्रियता की सराहना की गई। वहीं, सेवानिवृत्त हुए उपनिरीक्षक धनीराम वर्मा के कार्यकाल और व्यवहार की भी क्षेत्रवासियों ने प्रशंसा की।
अपराधियों पर होगी प्रभावी कार्रवाई
कार्यभार संभालने के बाद नवनियुक्त चौकी प्रभारी हर्षित मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

