यूपी : मखभूमि मखौड़ा धाम से मुख्यमंत्री ने 504 करोड़ की 77 विकास परियोजनाओं की दी सौगात
हर्रैया और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों में लोकार्पण व शिलान्यास, विकास को मिलेगी नई गति,लाभार्थियों को आवास की चाबी, स्वीकृति पत्र, प्रमाण-पत्र और चेक वितरित किए।

बस्ती ! उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को महर्षि वशिष्ठ की तपोभूमि एवं आस्था के प्रमुख केंद्र मखौड़ा धाम से जनपद बस्ती के हर्रैया और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों को 504 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 77 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्र के विकास को नई गति देने का दावा किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार विरासत और विकास के संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है। प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर समान रूप से कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न लोक – कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबियां तथा आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

