July 9, 2026

गैस सिलेंडर में रिसाव से हाजीपुर गांव स्थित छप्परनुमा घर में लगी भीषण आग, गृहस्थी जलकर राख

file_00000000aa2871fabd5d8a1a22c5313c

बारिश के बीच धधकी आग, ग्रामीणों और दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा,अनाज, कपड़े, नकदी और जरूरी दस्तावेज जलकर नष्ट, पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर।

बाराबंकी ! असंद्रा थाना क्षेत्र के सिद्धौर चौकी अंतर्गत हाजीपुर गांव में गुरुवार सुबह गैस सिलेंडर में रिसाव होने से एक छप्परनुमा मकान में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। हालांकि ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के मकानों तक आग फैलने से बच गई और बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार हाजीपुर निवासी लालाराम गौतम के घर गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे उनकी पत्नी रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर से रिसाव होने लगा और अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर पूरे छप्परनुमा मकान को अपनी चपेट में ले लिया। बारिश होने के बावजूद आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टियों व डोलचियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही असंद्रा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।समय रहते आग को पड़ोसी मकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ी जनहानि और भारी नुकसान टल गया।आग की घटना में घर में रखा अनाज, कपड़े, नकदी, घरेलू उपयोग का सामान तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। पीड़ित परिवार ने लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई है। घटना के बाद परिवार के सामने रहने और दैनिक जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है तथा वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे दोबारा अपना आशियाना और गृहस्थी खड़ी कर सकें।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading