अयोध्या के पश्चिमी सीमावर्ती क्षेत्र में झमाझम बारिश से बदला मौसम , किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

रानीमऊ से भेटरिया कोटवा सड़क तक मूसलाधार बारिश, भीषण गर्मी से मिली राहत,धान की रोपाई को मिली रफ्तार, खेतों की ओर बढ़े किसान

रुदौली , अयोध्या ! अयोध्या जिले के पश्चिमी सीमावर्ती क्षेत्र में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली।रानीमऊ से लेकर भेटरिया कोटवा सड़क तक मूसलाधार बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह बारिश किसी वरदान से कम नहीं रही।बारिश शुरू होते ही खेतों में पानी भरने लगा, जिससे धान की रोपाई का कार्य तेज होने की उम्मीद बढ़ गई। किसान परिवारों के चेहरे खिल उठे और कई गांवों में किसान खेतों की ओर रुख करते दिखाई दिए।रानीमऊ निवासी गुड्डू खां का कहना है कि लगातार पड़ रही गर्मी के कारण धान की नर्सरी और रोपाई प्रभावित हो रही थी, लेकिन समय पर हुई इस बारिश से खेती-किसानी को नई उम्मीद मिली है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह बारिश का क्रम बना रहा तो धान की रोपाई समय पर पूरी हो सकेगी और खरीफ फसलों को भी इसका लाभ मिलेगा। मौसम में आए इस बदलाव से आमजन ने भी राहत की सांस ली है।

