कार्यकर्ता अभी से गठबंधन की जीत का माहौल बनाने में जुट जाएं:अखिलेश

0

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वे अभी से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जाकर लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन की जीत का माहौल बनाने में जुट जाएं। श्री यादव ने गुरुवार को यहां कार्यकर्ताओं से कहा है कि हमें हर बूथ पर संघर्ष करना है। हर बूथ पर जीत हासिल करनी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक षडयंत्रकारी पार्टी है । उसे समाज में फूट डालने और जह़र फैलाने में महारत हासिल है। भाजपा लोगों को बहकाने और भटकाने की कला में वह दक्ष है। उन्होंने कहा कि हर समाजवादी कार्यकर्ता को भाजपा की साजिशों के खिलाफ लोगों को जागरूक करना है और जनता के बीच उनका पर्दाफाश भी करना है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने देश को बर्बाद कर दिया है। किसान बेहाल है। उसका न तो कर्ज माफ हुआ है और नहीं उसकी आय दुगनी हुई है। पांच साल के अंदर 50 हजार से ज्यादा किसान आत्महत्या कर चुके है। नौजवानों के लिए दो करोड़ नौकरियां देने का वादा भी कोरा वादा ही साबित हुआ है। नौजवानों के लिए नौकरियों के रास्ते बंद हो गए हैं। नोटबंदी और जीएसटी से व्यापार चौपट है। कई उद्योग बंद हो गए हैं। बेकारों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है
उन्होंने कहा कि भाजपा राज में देश की अर्थव्यवस्था का बुरा हाल है। मंहगाई की मार से लोग त्रस्त है। भ्रष्टाचार में लगातार वृद्धि हो रही है। पिछड़ों, गरीबों, दलितों के प्रति भाजपा का रवैया पूर्णतया संवेदनहीन है। देश की 60 प्रतिशत धन दौलत केवल नौ परिवारों के पास पहुंच गई है। समाज का हर वर्ग असंतुष्ट और आक्रोशित है।
श्री यादव ने कहा कि जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों से ऊबी हुई है। अब तक न तो उसके वादे पूरे हुए हैं और नहीं जनहित की कोई योजना भाजपा सरकारें लागू कर सकी हैं। उन्होंने कहा कि आगामी लोक सभा चुनावों से जनता को यह मौका मिलेगा कि वह अपने वोट से जनविरोधी, वादाखिलाफ भाजपा का तख्ता पलट दें। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कार्यकर्ता दिन-रात एक कर दें। याद रहे यह चुनाव भारत के लोकतंत्र को बचाने का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! © KKC News