कामाख्या धाम : 251 मीटर लंबी चुनरी लेकर निकली ऐतिहासिक यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब
विधायक रामचंद्र यादव के नेतृत्व में मां कामाख्या धाम पहुंचे श्रद्धालु,यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सुरक्षा में सादे कपड़ों में भी तैनात रहे पुलिसकर्मी

रुदौली,अयोध्या ! मां कामाख्या के जयकारों और पुष्पवर्षा के बीच सोमवार को रुदौली में भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। विधायक रामचंद्र यादव के नेतृत्व में हरिहरपुर स्थित हैजा माता मंदिर से शुरू हुई यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने का दावा किया गया। 251 मीटर लंबी चुनरी लेकर चल रही महिलाओं की भारी भागीदारी से यात्रा मार्ग भक्तिमय हो उठा।
पूजा-अर्चना के बाद यात्रा सोनवा होते हुए मां कामाख्या धाम पहुंची। यहां विधि-विधान से देवी के श्रीचरणों में चुनरी अर्पित की गई। रास्ते में जगह- जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर चुनरी यात्रा का स्वागत किया। विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि मां कामाख्या के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था इस आयोजन की विशेषता है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से सामाजिक सद्भाव और एकजुटता मजबूत होती है। सीओ अरविंद सोनकर ने बताया कि सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। भीड़ में चोरी की घटनाएं रोकने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी लगाए गए थे। थानाध्यक्ष शैलेंद्र आजाद ने भी व्यवस्था का जायजा लिया। यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ला भाजपा नेता करुणाकर पांडेय रविकांत तिवारी सुमन पासवान विकास मिश्रा उदय रावत सहित कई लोग शामिल रहे।

बुलडोजर से पुष्पवर्षा बनी आकर्षण का केंद्र
चुनरी यात्रा में बुलडोजर से की गई पुष्पवर्षा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। हाथों में चुनरी थामे महिलाएं मां कामाख्या के जयकारे लगाते हुए धाम की ओर बढ़ीं। पुरुषों और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते रहे। नगर पंचायत की ओर से रास्ते में पेयजल की व्यवस्था की गई।

