अयोध्या : रुदौली में बेखौफ मिट्टी खनन का खेल, जिम्मेदारों की भूमिका पर उठे सवाल
पुलिस, राजस्व और खनन विभाग की कथित मिलीभगत के आरोप, सरकारी राजस्व को लग रहा लाखों का चूना ,‘पत्रकार’ लिखे वाहनों और तथाकथित पत्रकारों की भूमिका भी चर्चा में, कार्रवाई न होने से खनन माफियाओं के हौसले बुलंद।

फोटो-काल्पनिक
अयोध्या ! रुदौली तहसील क्षेत्र के विभिन्न थाना और कोतवाली क्षेत्रों में अवैध मिट्टी खनन का कारोबार लगातार चर्चा में है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के अंधेरे से लेकर दिनदहाड़े तक मिट्टी से लदे वाहन सड़कों पर दौड़ते नजर आते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। इससे एक ओर जहां पर्यावरण और सड़क व्यवस्था प्रभावित हो रही है, वहीं दूसरी ओर सरकार को राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।स्थानीय सूत्रों के मुताबिक कई स्थानों पर बिना अनुमति या निर्धारित मानकों के विपरीत मिट्टी की खुदाई कर उसका व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा है। आरोप यह भी हैं कि पुलिस, राजस्व और खनन विभाग के कुछ जिम्मेदारों की कथित मिलीभगत के चलते अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि विभागीय अधिकारी नियमित जांच और सख्त कार्रवाई करें तो इस कारोबार पर काफी हद तक लगाम लग सकती है।
‘पत्रकार’ लिखे वाहनों की भी चर्चा
अवैध मिट्टी खनन के इस खेल में कुछ तथाकथित पत्रकारों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि कुछ लोग प्रतिष्ठित पत्रकारों के नाम का कथित तौर पर इस्तेमाल कर खनन कारोबारियों से संरक्षण के नाम पर सौदेबाजी करते हैं। इतना ही नहीं, कुछ ऐसे लोगों की भी चर्चा है जो मिट्टी खनन से जुड़े होने के बावजूद अपने वाहनों पर ‘पत्रकार’ लिखाकर क्षेत्र में प्रभाव जमाते हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि ऐसे लोग छोटे कारोबारियों से मिट्टी पहुंचाने का कथित ठेका लेते हैं और भुगतान को लेकर विवाद होने पर अधिकारियों तक शिकायत पहुंचाने की धमकी या दबाव बनाने की कोशिश करते हैं। इन आरोपों की भी निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि पत्रकारिता जैसे सम्मानित पेशे की आड़ में कोई अवैध गतिविधि न कर सके।
जांच हो तो सामने आ सकता है बड़ा खेल
क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी और संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि रुदौली तहसील के सभी थाना क्षेत्रों में मिट्टी खनन की व्यापक जांच कराई जाए। खनन स्थलों, मिट्टी ढोने वाले वाहनों और अनुमति संबंधी अभिलेखों की जांच के साथ ही विभागीय स्तर पर भी जवाबदेही तय की जाए। लोगों का कहना है कि निष्पक्ष जांच और लगातार कार्रवाई ही इस अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगा सकती है।

