अयोध्या : सावन के चौथे सोमवार को च्यवनेश्वर महादेव मंदिर में गूंजेगा हर-हर महादेव
24 अगस्त को सामूहिक रुद्राभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय होगा मंदिर परिसर,रुद्राभिषेक के बाद होगा विशाल भंडारा, शिवभक्तों से आयोजन में शामिल होने की अपील।

सोहावल(अयोध्या) ! सावन के पावन चौथे सोमवार के अवसर पर क्षेत्र के कुन्दखुर्दी-कला राजा का पुरवा में स्थित प्रसिद्ध च्यवनेश्वर महादेव मंदिर में 24 अगस्त को सामूहिक रुद्राभिषेक एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। शिवभक्तों की ओर से आयोजित इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
सनातन परंपरा में सावन माह भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि इस पवित्र माह में भगवान भोलेनाथ का जल, दूध, दही, घी, शहद आदि से अभिषेक करने से भक्तों को शिव कृपा प्राप्त होती है। वहीं रुद्राभिषेक को भगवान शिव की आराधना का अत्यंत प्रभावी स्वरूप माना गया है। श्रद्धा और विधि-विधान से किए गए रुद्राभिषेक से सुख-शांति, समृद्धि और परिवार के मंगल की कामना की जाती है।ऐसे में च्यवनेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है।जहां सावन माह में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं। सामूहिक रुद्राभिषेक के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर शिवमय होने की उम्मीद है।आयोजक आशीष तिवारी के अनुसार रुद्राभिषेक के बाद मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। आयोजकों ने सभी शिवभक्तों से रुद्राभिषेक एवं भंडारे में शामिल होकर भगवान च्यवनेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

