सांड के हमले में असमय काल के गाल में समा गई महिला[अर्जुन यादव-ब्यूरो रिपोर्ट]

0

रुदौली(अयोध्या) ! रुदौली कोतवाली क्षेत्र के सरांय हामिद गांव में सांड ने खूब आतंक मचाया है। सोते समय सांड ने हमला बोल कर एक महिला को मार डाला। नाराज ग्रामीण हंगामे की तैयारी में थे। जिन्हें इलाकाई विधायक रामचंद्र यादव ने पहुंच कर शांत कराया। मृतका के परिवार को पांच लाख रुपए की आर्थिक मदद का आश्वासन दिया।
रोजाना की तरह शनिवार की रात सरांय हामिद गांव की कलवती पत्नी स्व. रामरूप अपने बच्चों के साथ घर के बाहर छप्पर के नीचे सो गईं। आधी रात में छुट्टा सांड वहां आ गया। तभी महिला पर हमला बोल दिया। महिला ने भागने का प्रयास किया लेकिन सांड ने दौड़ाकर सींग से जमीन में दबाए रखा। महिला को तब तक नहीं छोड़ा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। गुहार पर ग्रामीणों ने सांड को भगाया। लोग अस्पताल ले जाने की तैयारी में जुटे थे। तब किसी ने कहा कि घायल महिला मर चुकी है। नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू किया। उधर घटना की सूचना पर विधायक रामचंद्र यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक महिला के परिवार को ढांढस बंधाते हुए पांच लाख रुपए की आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। विधायक के हस्तक्षेप पर एडीएम प्रशासन भी घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान विधायक ने डीएम के अलावा स्थानीय प्रशासन से 10 जनवरी तक अभियान चला कर हरहाल में इलाके में घूम रहे छुट्टा मवेशियों को पकड़वाने को कहा। विधायक ने बताया कि छुट्टा मवेशियों से फसल के अलावा जनहानि हो रही है। प्रशासन अब इन मवेशियों को अभियान चलाकर पकड़वाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! © KKC News