August 16, 2026

हमले में बच्चों और महिलाओं की मौत के बाद बोले नेतन्याहू, ‘हिजबुल्लाह नागरिकों को बना रहा है ढाल’

Highlights दक्षिण लेबनान में इजरायली हमले के बाद नेतन्याहू और हिजबुल्लाह आमने-सामने। नेतन्याहू ने हिजबुल्लाह…

हमले में बच्चों और महिलाओं की मौत के बाद बोले नेतन्याहू, ‘हिजबुल्लाह नागरिकों को बना रहा है ढाल'

<span class="img-name">इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू। </span> <span class="img-source">Image Source : AP </span>

Highlights

  • दक्षिण लेबनान में इजरायली हमले के बाद नेतन्याहू और हिजबुल्लाह आमने-सामने।
  • नेतन्याहू ने हिजबुल्लाह पर नागरिकों को मानव ढाल बनाने का आरोप लगाया।
  • लेबनान ने हमलों की निंदा कर कहा, बच्चे और महिलाएं सैन्य लक्ष्य नहीं।

तेल अवीव: दक्षिणी लेबनान में इजरायली एयरस्ट्राइक के बाद इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच तनाव फिर बढ़ गया है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आरोप लगाया कि हिजबुल्लाह ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए इजरायली सैनिकों पर हमला किया, जिसमें तीन सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए। इसके जवाब में इजरायली सेना ने हिजबुल्लाह के ठिकाने पर हमला किया। लेबनान ने इन हमलों में नागरिकों के मारे जाने की बात कही है। इजरायली PMO ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि हिजबुल्लाह ने सुरक्षा क्षेत्र में तैनात इजरायली सैनिकों पर हमला किया। इसमें 3 सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए। इसके बाद IDF ने उस हिजबुल्लाह मुख्यालय को निशाना बनाया, जहां से हमले का आदेश दिए जाने का दावा किया गया।

‘नागरिकों की मौजूदगी का बाद में पता चला’

नेतन्याहू के कार्यालय के मुताबिक, इजरायली सेना को बाद में पता चला कि जिस ठिकाने पर हमला किया गया, वहां नागरिक भी मौजूद थे। इजरायल का आरोप है कि हिजबुल्लाह जानबूझकर अपने नागरिकों को ‘मानव ढाल’ के रूप में इस्तेमाल कर रहा है, ताकि बाद में इजरायल पर नागरिकों को जानबूझकर निशाना बनाने का आरोप लगाया जा सके। IDF के मुताबिक, दक्षिणी लेबनान के अंसार इलाके में हिजबुल्लाह की रदवान फोर्स के एक केंद्रीय मुख्यालय को निशाना बनाया गया। सेना ने दावा किया कि हमले में रदवान फोर्स के बटालियन कमांडर अली समीर अल-हाज हसन और कई अन्य लोग मारे गए।

‘परिवार को मानव ढाल के तौर पर इस्तेमाल किया’

IDF ने कहा कि हसन के परिवार के सदस्य भी मुख्यालय के अंदर मौजूद थे और हमले में उन्हें नुकसान पहुंचा। हालांकि, सेना का कहना है कि वे हमले का लक्ष्य नहीं थे। इजरायल ने हसन को अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत वैध सैन्य लक्ष्य बताते हुए आरोप लगाया कि उसने अपने परिवार को मानव ढाल के तौर पर इस्तेमाल किया। इजरायल में अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी ने भी हिजबुल्लाह पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ईरान समर्थित संगठन इजरायली सैनिकों को गंभीर रूप से घायल करता है और फिर ऐसी स्थिति पैदा करता है, जिसमें इजरायल जवाबी कार्रवाई करे। उन्होंने दावा किया कि हिजबुल्लाह बच्चों को भी सैन्य क्षेत्र में लाता है, ताकि वे खतरे में रहें।

‘इजरायल हमलों का दायरा बढ़ा रहा है’

दूसरी ओर, हिजबुल्लाह ने इजरायली कार्रवाई को ‘आक्रामकता बढ़ाने वाला कदम’ बताया। संगठन ने आरोप लगाया कि इजरायल ने अंसार गांव के बाहरी इलाके में एक घर और दीर अल-जहरानी गांव में एक इमारत को निशाना बनाया। हिजबुल्लाह का कहना है कि इजरायल हमलों का दायरा बढ़ा रहा है। संगठन ने आरोप लगाया कि नेतन्याहू घरेलू राजनीतिक समर्थन मजबूत करने, चुनावी हित साधने और दक्षिणपंथी धड़े को खुश करने के लिए तनाव बढ़ाना चाहते हैं। हिजबुल्लाह ने लेबनान सरकार से भी इजरायली हमले रोकने के तरीके तलाशने की अपील की और सीधी बातचीत की आलोचना की। बता दें कि हिजबुल्लाह पर इजरायल लगातार हमले कर रहा है।

लेबनान के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने की निंदा

लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम और राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने दक्षिणी लेबनान में इजरायली हमलों की निंदा की। सलाम ने कहा कि ऐसे हमले दक्षिणी लेबनान में हालात स्थिर करने की कोशिशों को कमजोर कर रहे हैं। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक, दक्षिणी लेबनान में इजरायली हमलों में कम से कम 11 लोगों की मौत हुई है। इनमें अंसार में मारे गए 3 बच्चे और 2 महिलाएं भी शामिल हैं।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading