तमिलनाडु में आखिरकार ‘विजय’ की सरकार टीवीके प्रमुख जोसेफ विजय आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर पिछले पांच दिनों से जारी राजनीतिक असमंजस आखिरकार शनिवार को समाप्त हो गया। द्रमुक की सहयोगी पार्टियों वीसीके और आइयूएमएल ने तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) को बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान कर दिया, जिसके बाद टीवीके प्रमुख जोसेफ विजय ने बहुमत का दावा पेश करते हुए राज्यपाल से मुलाकात की। बहुमत के समर्थन पत्रों से संतुष्ट होने के बाद राज्यपाल विश्वनाथ अर्लेकर ने विजय को तमिलनाडु का नया मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया।जोसेफ विजय रविवार सुबह 10 बजे चेन्नई स्थित जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई बड़े राजनीतिक नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। राज्यपाल ने विजय सरकार को 13 मई तक विधानसभा में बहुमत साबित करने का निर्देश दिया है।234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में इस बार किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। टीवीके 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, लेकिन सरकार बनाने के लिए उसे 10 अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की जरूरत थी। सबसे पहले कांग्रेस ने अपने पांच विधायकों का समर्थन दिया, जिसके बाद भाकपा और माकपा ने भी दो-दो विधायकों के साथ टीवीके का साथ देने की घोषणा की। इसके बावजूद विजय बहुमत के जादुई आंकड़े से कुछ सीटें दूर थे।राजनीतिक हलचल के बीच शनिवार को तिरुमावलवन के नेतृत्व वाली वीसीके ने टीवीके को समर्थन देने का ऐलान कर दिया। पार्टी ने कहा कि तमिलनाडु में राष्ट्रपति शासन जैसी स्थिति से बचाने और जनता के जनादेश का सम्मान करने के लिए यह फैसला लिया गया है। वीसीके के समर्थन के तुरंत बाद आइयूएमएल ने भी अपने दो विधायकों का समर्थन टीवीके को दे दिया। इसके साथ ही टीवीके ने 121 विधायकों का समर्थन जुटाकर बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया।लगातार कई दिनों तक चले सियासी घटनाक्रम के बाद अब तमिलनाडु में नई सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है और राज्य की राजनीति में अभिनेता से नेता बने विजय का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।

