लव क्राइम स्टोरी : बुर्के में आई लुटेरन ने उड़ाया हार, साजन संग पहुंची सलाखों के पार
रुदौली में दिनदहाड़े हुई ज्वैलर्स लूट का 2 घंटे में खुलासा, प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार
बुर्का पहनकर आई युवती ने खिलौना पिस्तौल के दम पर उड़ाए गहने
ऑपरेशन त्रिनेत्र के सीसीटीवी से मिली बड़ी सफलता, 5 लाख के आभूषण बरामद

रुदौली संवाददाता ! रुदौली में इश्क और जुर्म की सनसनीखेज कहानी ने पूरे इलाके को हिला दिया। बुर्के में आई युवती ने ज्वैलर्स की दुकान में घुसते ही तमंचा तान दिया और चंद सेकंड में सोने का हार लेकर फरार हो गई। बाहर उसका प्रेमी इस ‘परफेक्ट प्लान’ पर नजर बनाए खड़ा था, लेकिन किस्मत ने धोखा दे दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। “सजनी ने चुराया, साजन चले ससुराल, बदनाम हुई बुर्का” की तर्ज पर यह वारदात अब हर जुबान पर है। फिल्मी अंदाज में रची गई इस लूट का अंत सीधे सलाखों के पीछे हुआ, जहां अब इश्क की कहानी कानून के शिकंजे में कैद है।पूरी कहानी कोतवाली रुदौली क्षेत्र के कोठी बाजार स्थित अग्रवाल कॉम्प्लेक्स में महेश ज्वैलर्स पर दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से जुड़ी है।जिसे पुलिस ने महज दो घंटे में पर्दाफाश कर प्रेमी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया।एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने प्रेसवार्त्ता कर इस परफेक्ट लूटकांड का खुलासा किया।घटना गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है, जब बुर्का पहने एक नकाबपोश युवती गहने खरीदने के बहाने दुकान में दाखिल हुई। उसने सोने का हार और चैन पसंद करने के दौरान मौका पाकर उन्हें हाथ में लिया और खिलौना पिस्तौल दिखाकर फरार हो गई। बाहर उसका साथी मोटरसाइकिल लेकर तैयार खड़ा था, जिस पर बैठकर दोनों भाग निकले।सोशल मीडिया पर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टीमें गठित कीं।पुलिस तत्परता दिखाते हुए ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर मात्र दो घंटे में गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पायल कोरी (21) निवासी अहिबरन का पुरवा, थाना बाबा बाजार और राहुल कुमार (21) निवासी पूरे प्रान नेवरा, थाना मवई के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 5 लाख रुपये के सोने के आभूषण, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल यूपी-42 एपी-4874 बुर्का, खिलौना पिस्तौल, बैग व मोबाइल फोन बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, आरोपी योजनाबद्ध तरीके से सर्राफा दुकानों को निशाना बनाते थे।युवती नकाब पहनकर गहने देखने के बहाने दुकानदार से आभूषण निकलवाती और मौका मिलते ही साथी के साथ फरार हो जाती थी।मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य सहित रुदौली पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।हालांकि इस घटना के खुलासे के बाद अब जहां एक ओर इलाके में इस ‘लव-क्राइम स्टोरी’ की चर्चा जोरों पर है, वहीं दूसरी ओर पुलिस भी इसे एक सबक के तौर पर देख रही है।

