दिल्ली में बदमाश बेखौफ, चिनोट बस्ती में डबल मर्डर, त्रिलोकपुरी 31 ब्लॉक में प्रॉपर्टी डीलर की कार पर फायरिंग

दिल्ली पुलिस
नई दिल्ली: दिल्ली के चिनोट बस्ती में 2 लोगों की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है। दोनों को हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान 33 वर्षीय अंकित और 32 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है। ऐसी जानकारी मिल रही है कि कुछ लोगों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके कारण यह घटना हुई। संदिग्ध की पहचान कर ली गई है और संदिग्ध को पकड़ने के लिए टीमें गठित की गई हैं। कहा जा रहा है कि मृतक अंकित और संदिग्ध के बीच कुछ विवाद था, जिसकी वजह से झगड़ा हुआ है। हालांकि, आगे की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा।
त्रिलोकपुरी 31 ब्लॉक में कार पर अंधाधुंध फायरिंग
दिल्ली के त्रिलोकपुरी 31 ब्लॉक से बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक कार को जलाने की कोशिश की गई है और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग भी हुई है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, कार पर करीब 6 राउंड फायरिंग हुई है।
दिल्ली में दिनदहाड़े एक कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। ये घटना आज शाम 4 बजे की है। गनीमत ये रही कि इस घटना में किसी जनहानि की बात सामने नहीं आई है। पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है। पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के एक प्रॉपर्टी डीलर संजय की गाड़ी पर घात लगाकर पहले कुछ बदमाशों ने आग लगाने की कोशिश की, फिर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए।पुलिस ने बताया कि उस वक्त गाड़ी में कोई मौजूद नहीं था। ये फायरिंग किसी निजी दुश्मनी की वजह से हुई है या किसी गैंगस्टर ने करवाई है, इसकी जांच की जा रही है।इन दोनों घटनाओं के सामने आने के बाद ये सवाल उठ रहे हैं कि क्या दिल्ली में बदमाशों को कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है?
