April 9, 2026

नित्यक्रिया के लिए निकली विवाहिता का गांव के बाहर बाग में मिला शव , मर्डर मिस्ट्री में आया प्रेम प्रसंग का एंगेल

IMG-20260408-WA0039.jpg

घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने जताई गला घोंटकर हत्या की आशंका,बाबा बाजार थाना क्षेत्र के रेछ गांव में बुधवार को हुई ये सनसनीखेज वारदात।

फोटो कैप्शन : घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी ग्रामीण व अन्य पुलिस अफसर

अयोध्या ! बाबाबाजार थाना क्षेत्र के रेछ गांव में बुधवार को 26 वर्षीय विवाहिता का शव गांव के बाहर स्थित बाग में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।मृतका के मुंह से खून निकल रहा था और उसकी की साड़ी का फंदा उसके गले में कसा था।शव की स्थित देख परिजनों व ग्रामीणों ने गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। घटना के बाद गांव में दहशत के साथ आक्रोश का माहौल बना हुआ है।मृतका की पहचान किरन गौतम पत्नी रमन के रूप में हुई है। बताया जाता है कि किरन बुधवार सुबह नित्य क्रिया के लिए घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी।इस पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की ही थी,कि दोपहर में बाग की ओर गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ते ही सूचना तेजी से फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष शैलेन्द्र आजाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की। इसके बाद पटरंगा एसएचओ शशिकांत यादव व क्षेत्राधिकारी आशीष निगम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।परिजनों का आरोप है कि किरन की गला दबाकर हत्या कर शव को सुनियोजित तरीके से बाग में फेंका गया है।मृतका का पति रमन गौतम दिल्ली में नौकरी करता है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीमें गठित की गई हैं और सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

प्रेम प्रसंग का एंगल चर्चा में

किरन की मौत के बाद शव की स्थिति देख हत्या की आशंका प्रबल मानी जा रही है, हालांकि पुलिस अभी कुछ भी स्पष्ट कहने से बच रही है। इस बीच वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग का एंगल भी सामने आ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार करीब छह माह पूर्व गांव का ही एक युवक उसे अपने साथ भगा ले गया था और बाद में वापस छोड़ गया था। तभी से दोनों के संबंधों को लेकर गांव में चर्चाएं चल रही थीं।

संदिग्ध किशोर पुलिस अभिरक्षा में, पूछताछ जारी

किरन की लाश मिलने व परिजनों से बातचीत के बाद पुलिस टीम एक्टिव है।सूत्र बताते है कि पुलिस ने गांव के ही एक संदिग्ध किशोर व उसके माता-पिता को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।वहीं ग्रामीणों का दावा है कि पुलिस ने मृतका के कथित प्रेमी को हिरासत में लिया है।इस बावत सीओ आशीष निगम का कहना है कि परिजनों की आशंका के बाद सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस की टीम जांच पड़ताल के लिए लगाई गई है।हालांकि किसी को हिरासत में लेने के सवाल पर कुछ नही बोले।

You may have missed

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading