April 6, 2026

भाजपा स्थापना दिवस पर सेवा व समर्पण का संकल्प, भव्य कार्यक्रमों की धूम

IMG-20260406-WA0058.jpg

ध्वजारोहण, हवन-पूजन व वरिष्ठ नेताओं का सम्मान; कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

अयोध्या ! भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर सोमवार को जिला कार्यालय से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं ने उत्साह और ऊर्जा के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए। ‘अंत्योदय’ के मंत्र और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ कार्यकर्ताओं ने अपनी वैचारिक जड़ों को नमन करते हुए सेवा और समर्पण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इस दौरान पार्टी का झंडा फहराते हुए कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” और “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के गगनभेदी नारे लगाए। इसके बाद हनुमान चालीसा पाठ, हवन-पूजन और 51 बटुकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिससे पूरे परिसर में आध्यात्मिक और उत्सव का वातावरण बना रहा।

जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा आज केवल विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी ही नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आशा और विश्वास का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश के निरंतर विकास का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद विनय कटियार ने स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि पार्टी ही सर्वोपरि है और सभी कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर संगठन हित में कार्य करना चाहिए। गोष्ठी को पूर्व मंत्री अनिल तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष कमलाशंकर पाण्डेय, अवधेश पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर जनसंघ कालीन एवं पार्टी के वरिष्ठ समर्पित नेताओं का स्मृतिचिन्ह, अंगवस्त्र, माला और रामचरितमानस भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष, विधायकगण, जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।पूरे आयोजन में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक रहा और वातावरण पूरी तरह उत्सवमय बना रहा।

You may have missed

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading