अग्निकांड पीड़ितों के दर्द पर मरहम लगाने पहुंचे रुश्दी, 10 परिवारों को दी आर्थिक मदद
सरोहा का पुरवा, बेलपुर व दिलावलपुर में आग से गृहस्थी हुई थी राख,पूर्व विधायक ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा दिलाने की उठाई मांग

मवई(अयोध्या) ! रुदौली विधानसभा क्षेत्र के आंशिक गांव सरोहा का पुरवा, बेलपुर और दिलावलपुर चौराहा में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के बीच रविवार को सपा के पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी ‘रुश्दी’ पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात कर हालचाल जाना और आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें ढांढस बंधाया।अग्निकांड में राम समुझ रावत, शिवकुमार रावत, रामनाथ रावत, विजय कुमार रावत, अमीरे रावत, राम बहादुर रावत, रामकरन रावत, बलराम रावत, हरीराम रावत और विंद्रा रावत समेत 10 परिवारों की गृहस्थी पूरी तरह जलकर राख हो गई।

आग से अनाज, कपड़े व अन्य जरूरी सामान नष्ट होने से पीड़ितों के सामने रोजमर्रा के जीवन का संकट खड़ा हो गया है।रुश्दी ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और हर संभव मदद दिलाई जाएगी। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सर्वे कर सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की।ग्रामीणों के अनुसार आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया था, जिससे बचाव का मौका नहीं मिल सका। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर मौजूद लोगों ने पूर्व विधायक के इस मानवीय कदम की सराहना किया।

