March 4, 2026

बहराइचःतेंदुए ने खेत में काम कर रहे किशोर पर किया हमला, मौत

mcms (10)2181795005054213147..jpg

बहराइचः उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कर्तिनयाघाट जंगल से सटे निबिया गौढ़ी गांव में खेत में मवेशियों के लिए चारा काट रहे एक किशोर पर तेंदुए ने हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
प्रभागीय वनाधिकारी जी.पी. सिंह ने शनिवार को बताया कि निबिया गौढ़ी गांव निवासी बिन्द्रा (17) शुक्रवार शाम करीब चार बजे अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गन्ने के खेत से मवेशियों का चारा काट रहा था। परिवार के लोग थोड़ी दूरी पर थे। इसी बीच खेत में ही बैठे तेन्दुए ने उसकी गर्दन दबोच ली। परिजनों और ग्रामीणों ने पटाखे जलाकर तथा शोर मचाकर तेन्दुए से बिन्द्रा को छुड़ाया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

उन्होंने बताया कि मृत किशोर के परिजनों को 25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता दी जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और राजस्व विभाग की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

सिंह ने बताया कि हमलावर तेन्दुआ अभी रिहायशी इलाकों के पास मौजूद है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में भेजी गई है। टीम के लोग पटाखे जलाकर उसे जंगल में भेजने की कोशिश करेंगे। यदि सफलता नहीं मिली तो पिंजरा लगाकर तेन्दुए को काबू में किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading