यूपी : बरेली से भी सीख नहीं ले पा रहा अयोध्या प्रशासन, शादी-ब्याह में गैस संकट गहराया

अयोध्या संवाददाता ! रामनगरी अयोध्या में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडरों की किल्लत ने आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ शादी-विवाह जैसे मांगलिक आयोजनों को भी संकट में डाल दिया है। स्थिति यह है कि जिले की कई गैस एजेंसियों ने स्पष्ट नोटिस चस्पा कर दिया है कि घरेलू सिलेंडर किसी भी प्रकार के समारोह के लिए उपलब्ध नहीं कराए जाएंगे। इससे आयोजनकर्ताओं की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि मिडलिस्ट में चल रहे संघर्ष के चलते एलपीजी आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर स्थानीय स्तर पर साफ देखने को मिल रहा है। जिन परिवारों में पहले से शादी या अन्य कार्यक्रम तय हैं, उनके सामने भोजन व्यवस्था को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

देवकाली बाईपास स्थित एक गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचे आदित्य तिवारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन को इस गंभीर समस्या का समाधान निकालना चाहिए।वहीं दूसरी ओर, प्रदेश के ही बरेली जिले में प्रशासन ने इस समस्या से निपटने के लिए एक अच्छी पहल करते हुए शादी-विवाह समारोहों हेतु अतिरिक्त एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू की है। वहां आयोजकों को शादी का कार्ड दिखाकर जिला पूर्ति कार्यालय में आवेदन करना होता है, जिसके बाद अस्थायी कमर्शियल कनेक्शन के तहत सिलेंडर उपलब्ध कराए जाते हैं।अयोध्या के लोगों का कहना है कि जब बरेली प्रशासन इस दिशा में सकारात्मक पहल कर सकता है, तो यहां भी ऐसी व्यवस्था लागू की जा सकती है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन शीघ्र ही ठोस कदम उठाए, ताकि मांगलिक कार्यक्रमों में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो और आमजन को राहत मिल सके।

