दुःखद : कुवैत से 20 भारतीयों के शव विशेष विमान से हिंदुस्तान पहुंचे, खाड़ी तनाव से वापसी में हुई देरी
ड्रोन हमले समेत अलग-अलग घटनाओं में गई जान, विदेश मंत्रालय ने जताई संवेदना

कुवैत में विभिन्न घटनाओं में जान गंवाने वाले 20 भारतीय नागरिकों के पार्थिव शरीर बुधवार को केरल के कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लाए गए। अधिकारियों के अनुसार, खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव और सुरक्षा हालात के कारण शवों की स्वदेश वापसी में देरी हुई। मृतकों में तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले के मुथुकुलाथुर निवासी 37 वर्षीय संतनसेल्वम कृष्णन भी शामिल हैं, जिनकी मौत कुवैत में एक पानी के डीसैलिनेशन प्लांट पर हुए ड्रोन हमले में हुई थी।शेष 19 भारतीय नागरिकों की मृत्यु अलग-अलग हादसों और प्राकृतिक कारणों से हुई थी। हालांकि, क्षेत्र में जारी संघर्ष और ईरान द्वारा खाड़ी देशों पर किए जा रहे हमलों के चलते पार्थिव शरीरों को भारत लाने की प्रक्रिया प्रभावित हुई।विदेश मंत्रालय के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष अब दूसरे महीने में प्रवेश कर चुका है। इस दौरान अब तक 8 भारतीय नागरिकों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है। खाड़ी मामलों के संयुक्त सचिव असीम महाजन ने बताया कि कुवैत स्थित भारतीय मिशन स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार समन्वय कर रहा है, ताकि सभी मृतकों के शव जल्द से जल्द उनके परिजनों तक पहुंचाए जा सकें।कुवैत में भारतीय दूतावास ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

