मवई के कारोबारियों को लॉकडाउन याद दिला रहा गैस की किल्लत , कई होटल ढाबे बंद
एक के बाद एक बंद हो रहे होटल-ढाबे से कामगारों पर संकट,भट्ठियों पर सिमटा काम से कारीगरों की छुट्टी ,हाइवे पर चाय-पानी को भटक रहे यात्री।

अयोध्या : मवई ब्लॉक क्षेत्र में घरेलू गैस की किल्लत ने छोटे कारोबारियों की कमर तोड़ दी है। हालात ऐसे हो गए हैं कि ठेला-खुमचे से लेकर होटल और ढाबों तक का कामकाज लगभग ठप पड़ गया है। स्थिति लॉकडाउन जैसे हालात पैदा कर रही है, जिससे कामगारों के सामने रोजी-रोटी का संकट गहराता जा रहा है।

मवई-पटरंगा रोड पर टिक्की, चाट, मटर, पानी बताशा, पाव भाजी, अंडा रोल और चाउमीन बेचने वाले ठेले पूरी तरह बंद हो चुके हैं। पटरंगा रोड स्थित पवन होटल संचालक ने बताया कि सिलेंडर न मिलने से अब भट्ठी पर केवल चाय और जरूरी सामान ही किसी तरह बनाया जा रहा है। बाकी चीजें न बन पाने से जमौली गांव के दो कारीगरों और एक हेल्पर को छुट्टी देनी पड़ी है।

हाइवे पर स्थित ऑल इंडिया होटल के संचालक कफील ने बताया कि गैस संकट से उनका काम बुरी तरह प्रभावित है। उन्होंने 37 हजार रुपये का इंडक्शन खरीदा, लेकिन उससे और भट्ठी के सहारे सिर्फ चाय और चावल सालन ही बन पा रहा है। पर्याप्त भोजन न मिलने से ग्राहक भी आना बंद हो गए हैं।

गोडियन पुरवा के पास न्यू एवन ढाबा व मथुरा पुरवा का कश्यप होटल पूरी तरह बंद हो चुके हैं।काजीपुरवा स्थित ट्रक ड्राइवरों व भारी वाहन चालकों के लिए बना वर्षों पुराना बहुप्रतिष्ठित बीपी मवई का ढाबा भी गैस सिलेंडर की किल्लत के चलते बंद हो गया।

इससे हाइवे पर यात्रियों को चाय-पानी भोजन के लिए भी भटकना पड़ रहा है। व्यवसायियों ने चेताया है कि जल्द आपूर्ति न सुधरी तो हालात और बिगड़ सकते हैं।

