कामाख्या महोत्सव : 100 करोड़ ऋण से युवाओं को रफ्तार, कृषि मेले से खेतों को नई ताकत
स्वरोजगार की राह पर बढ़े युवा,चयनित लाभार्थियों को बांटे गए चेक,आधुनिक तकनीक व योजनाओं की जानकारी से किसानों में बढ़ा उत्साह

मवई(अयोध्या) : मां कामाख्या धाम महोत्सव इस बार विकास, रोजगार और कृषि उन्नति के संगम के रूप में उभरकर सामने आया। महोत्सव के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में किसान, युवा और स्थानीय लोग शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महोत्सव के तहत 100 करोड़ रुपये के युवा उद्यमी ऋण का वितरण किया गया। चयनित लाभार्थियों को मंच से चेक प्रदान किए गए, जिससे उन्हें स्वरोजगार स्थापित करने का अवसर मिलेगा और क्षेत्र में रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।

वहीं कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित कृषि मेले का उद्घाटन विधायक रामचंद्र यादव ने फीता काटकर किया। तत्पश्चात उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर किसानों से संवाद किया और उनकी समस्याएं जानीं। मेले में आधुनिक खेती की तकनीक, उन्नत बीज, कृषि यंत्र और जैविक खेती के बारे में जानकारी दी गई।

कृषि विशेषज्ञों व बैंक अधिकारियों ने योजनाओं और ऋण सुविधाओं के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन दिया।कार्यक्रम में नगर पंचायत चेयरमैन शीतला प्रसाद शुक्ला महोत्सव न्यास अध्यक्ष रविकांत तिवारी सुरजीत शर्मा अनिल कौशल राम कृष्ण गुप्त तेज तिवारी कमलेश यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

