कामाख्या महोत्सव के दंगल में दिखा दम, महिला – पुरुष वर्ग में पहलवानों ने मारी बाजी
कशिश ने ‘घोड़ा पछाड़’ दांव से जीता महिला वर्ग, विशाल व विकास रहे पुरुष वर्ग के विजेता,हेलीकॉप्टर से पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह, दंगल देखने उमड़ी दर्शकों की भारी भीड़

मवई(अयोध्या) ! माँ कामाख्या धाम महोत्सव -2026 के अंतर्गत मंगलवार को आयोजित राष्ट्रीय विराट दंगल प्रतियोगिता में खेल प्रेमियों का उत्साह चरम पर रहा। कार्यक्रम में उस समय खास रौनक बढ़ गई, जब पूर्व सांसद व भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह हेलीकॉप्टर से पहुंचे।

हेलिपैड पर कार्यक्रम संरक्षक विधायक रामचंद्र यादव व न्यास अध्यक्ष रविकांत तिवारी ने उनका स्वागत किया।दंगल में करीब 30-40 पहलवानों ने अपने दमखम का प्रदर्शन किया। पारंपरिक कुश्ती के ‘घोड़ा पछाड़’, ‘कुंतल दांव’, ‘कांधा झटका’ और ‘पकड़ बदल’ जैसे दांव दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे। निर्णायकों ने तकनीक, संतुलन और साफ चित के आधार पर विजेताओं का चयन किया।महिला वर्ग (60 किग्रा) में वाराणसी की कशिश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने ‘घोड़ा पछाड़’ दांव से जीत दर्ज की।

नंदिनीनगर (गोंडा) की मानसी उपविजेता रहीं, जबकि गाजियाबाद की स्वाती व कानपुर की ज्योति क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहीं।पुरुष वर्ग में 65 किग्रा में नंदिनीनगर के विशाल प्रथम, अंशू द्वितीय और मंगेश व शिवाजीत तृतीय रहे।

65-74 किग्रा वर्ग में विकास (नंदिनीनगर) ने बाजी मारी, जबकि आशीष दूसरे और लालू व सचिन तीसरे स्थान पर रहे। 74-86 किग्रा में बनारस के विकास प्रथम, कार्तिक द्वितीय और अभिषेक व अजय तृतीय रहे। 86 किग्रा से अधिक वर्ग में दिल्ली के भीम विजेता बने, जबकि प्रवीण दूसरे और मयंक व बादल तीसरे स्थान पर रहे।दंगल को लेकर पूरे क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह रहा और भारी भीड़ ने आयोजन को भव्य बना दिया।
आज आएंगे भोजपुरी स्टार निरहुआ यादव

मवई हिंदुस्तान संवाद ! कामाख्या धाम महोत्सव में इस समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची हुई है।न्यास अध्यक्ष रविकांत तिवारी ने बताया आज बुधवार की दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर चिथरू चिथुराइन जतिन शुक्ला अपनी प्रस्तुति देंगे, जिसमें हास्य और मनोरंजन का तड़का देखने को मिलेगा।इसके बाद सायं 5 बजे से 8 बजे तक भोजपुरी फिल्म जगत के चर्चित स्टार निरहुआ यादव का कार्यक्रम आयोजित होगा। उनकी प्रस्तुति को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।

